जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास सूखा पड़ा तरणताल।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
स्वीमिंग पूल तैयार, तैराकी की अनुमति नहीं मिली
मुजफ्फरनगर। कोरोना महामारी नेे तरणताल भी ताला लगा दिया है। कोरोना कर्फ्यू खुलने के बाद कुछ खेल गतिविधियां तो चालू हो गई हैं, लेकिन तैराकी की अनुमति नहीं मिली है। गर्मी से राहत पाने के लिए तरणताल की मस्ती बच्चों से लेकर बड़ों तक को लुभाती है, लेकिन करीब डेढ़ साल से कोरोना संक्रमण के चलते स्वीमिंग पूलों पर ताले लटके हैं। ऐसे में संचालकों को सरकार के आदेश जारी होने का इंतजार है।
पिछले वर्ष से कोरोना संक्रमण के चलते तरणताल बंद है। तरणताल संचालकों का कहना है कि इन दिनों खिलाड़ियों के साथ छोटे बच्चों की भीड़ ज्यादा रहती थी। आसपास गांव, कॉलोनी में रहने वाले बच्चे अपने परिवार के सदस्यों के साथ तरणताल में तैराकी के लिए चले आते थे और खूब मस्ती करते थे, लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते सरकार की गाइडलाइन के अनुसार इस बार बच्चों को घरों में रहना पड़ रहा है।
कूकड़ा निवासी स्वीमिंग पूल संचालक इश्तकार का कहना है कि करीब सवा साल से तरणताल बंद पड़ा है। ऐसे में काफी बड़ा नुकसान हुआ है। बरसाती सीजन शुरू हो चुका है। तरणताल का सीजन कुछ ही दिन का बाकी है। सरकार द्वारा तरणतालों को खोल देना चाहिए। पचेंडा रोड निवासी स्वीमिंग पूल संचालक भूरा का कहना है कि वैसे तो संक्रमण फैलने का डर अभी भी है, लेकिन सरकार को तरणतालों के लिए भी गाइडलाइन जारी करनी चाहिए। जिससे हमारे सामने रोजी रोटी का संकट उत्पन्न न हो।