महिला उत्पीड़न की घटनाओं में लापरवाही सहन नहीं: आयोग
विज्ञापन
मुजफ्फरनगर। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुषमा सिंह ने कहा कि महिला उत्पीड़न की घटनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करें।
डाक बंगले पर महिला उत्पीड़न की समस्याओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि महिला हिंसा की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई होना जरूरी है। उन्होंने महिला थाना और 181 हेल्पलाइन द्वारा की जा रही कार्रवाई का भी अवलोकन किया। महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर अधिकारियों से जवाब तलब भी किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वह लंबित पड़े मामलों को तेजी से निस्तारित करें। यदि किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो आयोग कार्रवाई के लिए बाध्य होगा। कुछ मामलों में दोषियों पर कार्रवाई पर संतोष जताया। बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी मुशफेकिन, सीओ राजेश कुमार द्विवेदी, महिला थानाध्यक्ष मोनिका चौहान, परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी संगीता डागर, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रबंधक नीरू रानी मौजूद रही।