-कुंद कुंद जैन डिग्री कॉलेज के विद्यार्थियों ने कार्यवाहक प्राचार्य का घेरा
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। कुंद कुंद जैन डिग्री कॉलेज पर विद्यार्थियों ने अपनी मांगों को लेकर कार्यवाहक प्राचार्य का घेराव करते हुए कॉलेज गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। घंटों चले प्रदर्शन के बाद काॅलेज प्रशासन से वार्ता हुई, जिसके बाद कॉलेज प्रशासन ने विश्वविद्यालय तक उनकी समस्या पहुंचने का आश्वासन दिया।
रेलवे रोड स्थित कुंद कुंद जैन डिग्री में बीए, बीकाम, बीएससी के विद्यार्थी अपने फार्म जमा कराने पहुंचे। कॉलेज के कर्मचारियों ने द्वितीय व तृतीय सेमेस्टर के प्रवेश नहीं होने की जानकारी दी। इसी बात से छात्र नाराज हो गए। छात्र-छात्राओं ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा जो नियम बनाया गया है, वह विद्यार्थियों के हित में नहीं है। छात्र नेता विनोद चौहान के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने कार्यवाहक प्राचार्य का घेराव करते हुए कॉलेज के गेट पर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। कालेज के बाहर हंगामा प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को समझा बुझाकर शांत कराया। विनोद चौहान ने बताया कि प्रथम वर्ष में संपूर्ण रूप से उत्तीर्ण न होने के कारण द्वितीय व तृतीय वर्ष में प्रवेश रोक दिया गया। साथ ही परीक्षा फीस को भी तीन गुना कर दिया गया है। सेमेस्टर में बैक फार्म भरने की फीस तीन हजार रुपये से अधिक कर दी गई। अभी तक यह फीस 12 सौ रुपये थी। छात्र-छात्राओं ने प्रवेश नियमों में ढील की मांग करते हुए विद्यार्थियों के हित पंचम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए मान्य किया जाना, फीस को कम किया जाने की मांग की। कॉलेज प्रशासन ने विश्वविद्यालय को इस संबंध में छात्रों की समस्या से अवगत कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने कुलपति के नाम ज्ञापन दिया। प्रदर्शन के दौरान गुलशन कुमार, अंकित प्रजापति, समीर, विशाल, गौरव ठाकुर, प्रशांत, हिमांशु, नईम अंकुर कुमार, हर्ष जैन, शोभित अग्रवाल, अमोन मलिक, मौजूद रहे।