मुजफ्फरनगर। शहर के निकटवर्ती एक गांव में कॉलेज से सहेली संग लौट रही छात्रा के साथ दो युवकों ने छेड़छाड़ करते अश्लील हरकतें कीं। छात्रा के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। ग्रामीणों ने आरोपी की जमकर धुनाई के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी दूसरे वर्ग से होने के चलते ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा शहर के एक इंटर कॉलेज में पढ़ती है। मंगलवार दोपहर छात्रा अपनी एक सहेली के साथ कॉलेज से लौट रही थी, जिनका शहर से ही दो युवकों ने पीछा करना शुरू कर दिया। जब छात्राएं गांव के निकट पहुंची, दोनों युवकों ने छात्रा का हाथ पकड़ते हुए उस पर मोबाइल नंबर लेने का दबाव बनाया। छात्रा के विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। इस पर छात्रा ने शोर मचा दिया, जिस पर पास ही खेत में काम कर रहे ग्रामीणों ने एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी की जमकर धुनाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी दूसरे वर्ग के होने के कारण ग्रामीणों में आक्रोश है। छात्रा के पिता ने दोनों आरोपियों गांव मल्हूपुरा निवासी शावेज और गांव फलौदा निवासी आसिफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शावेज को जेल भेज दिया है।