मीरापुर। कस्बे में दो गोशालाएं होने के बावजूद गोवंश आवारा भटक रहे हैं। बेसहारा गोवंश किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं, जिस कारण किसान काफी परेशान हैं। किसानों ने प्रशासन से कार्रवाई कर उन्हें आवारा गोवंशों से निजात दिलाने की मांग की है।
मीरापुर में निराश्रित गोवंश किसानों की फसलों को लगातार बर्बाद कर रहे हैं। समूह में एक दर्जन से अधिक आवारा गोवंश रहते हैं, जो किसानों की खेतों में पहुंचकर फसल बर्बाद कर देते हैं। मीरापुर में कान्हा गोशाला व मीरापुर में ही हाईवे पर स्थित गोशाला मुझेड़ा में मौजूद है। दो गोशालाएं होने के बावजूद गोवंश आवारा घूम रहे हैं। क्षेत्र के किसान जान मोहम्मद, अंकुर भाटी, जहीरुदीन, कुलदीप कुमार, प्रशांत चौधरी, इरशाद, नरेन्द्र, आदि ने बताया कि गायों के संरक्षण के लिए शासन ने गोशाला का निर्माण कराया है। इसके बाद भी क्षेत्र में आवारा गोवंश खाने-पीने के लिए दर-दर घूम रहे हैं और खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीण और नगरीय क्षेत्र में सड़कों पर घूम रही आवारा गाय कस्बे व देहात के लोगों ने छोड़ी हैं। गाय जब तक दूध देती है, तब तक किसान गायों को बांधकर रखते हैं। जब वह दूध देना बंद कर देती है तो वह उन्हें गांव से दूर छोड़कर चले जाते हैं। किसानों ने प्रशासन से कार्रवाई कराकर उन्हें इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।