भोपा में खपाया जा रहा था चोरी का तेल
मुजफ्फरनगर। सहारनपुर पुलिस ने सरकारी पाइप लाइन से तेल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के बदमाश पकड़ेे हैं। भोपा के उदित को भी पुलिस ने जेल भेज दिया। बायोडीजल पंप के नाम पर अवैध पंप संचालित किया जा रहा था। इस पूरे प्रकरण में आपूर्ति विभाग के बाबू की भूमिका को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
सहारनपुर पुलिस ने शनिवार को भोपा के उदित को छापा मारकर हिरासत में लिया था। जांच में खुलासा हुआ कि वह जिस गैंग में शामिल था, उसने सरकारी पाइपलाइन से तेल चोरी किया था। पुलिस का कहना है कि पंप का लाइसेंस अगस्त माह में समाप्त हो गया था। पुलिस को जानकारी मिली है कि पेट्रोल पंप बिना लाइसेंस के मुजफ्फरनगर के सप्लाई विभाग में तैनात बाबू के साथ मिलीभगत करके संचालित किया जा रहा था। पुलिस बाबू की तलाश में जुटी है।
छापेमारी के बाद बंद रहे कई पंप
सहारनपुर पुलिस की कार्रवाई के बाद भोपा क्षेत्र के कई पंपों पर रविवार को ताला लटका रहा। यहां से कर्मचारी नदारद मिले।
आपूर्ति विभाग पर खड़ा हुआ सवाल
मामले की जांच में आपूर्ति विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत खुलने लगी है। धड़ल्ले से तेल का अवैध धंधा चलता रहा , लेकिन विभाग चुप्पी साधे हुए बैठा रहा। पिछले दिनों से ही शहर से सटे इलाके में पंप पर छापा मारा गया था, लेकिन बाद में मामला शांत हो गया।