देवबंद। सरकारी कर्मचारी द्वारा फर्जी प्रमाणपत्र बनवा कर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के आरोप में पुलिस ने अदालत के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की है। इस मामले में थीतकी गांव के एक व्यक्ति ने कोर्ट में वाद दायर किया था । इसके चलते पुलिस ने पिता और पुत्रों सहित चार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
थीतकी गांव निवासी मो. शोएब ने न्यायालय में वाद दायर कर बताया गांव निवासी तौसीफ अहमद सरकारी कर्मचारी हैं और वह स्वयं को मजदूर दिखाकर सरकारी लाभ ले रहा है। इतना ही नहीं यह आरोप भी लगाया गया कि उक्त कर्मचारी ने तीन हजार रुपये प्रतिमाह की आय दर्शाकर तहसीलदार, कानूनगो व लेखपाल को गुमराह कर आय प्रमाणपत्र भी बनवाया हुआ है। साथ ही आय प्रमाणपत्र के आधार पर बच्चों की छात्रवृत्ति भी हासिल की है। शोएब ने अदालत को बताया जब उसने इसकी शिकायत की तो तौसीफ उससे रंजिश रखने लगा और 21 अगस्त को कोर्ट में जाते समय तौसीफ ने अपने पुत्र मुसफीर, मुफीद, सरफराज के साथ मिलकर रास्ते में रोका तथा गाली गलौज कर मारपीट भी की। पुलिस ने अदालत के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही पुलिस मामले की जांच कर रही है।