पुरकाजी। कस्बे में चल रहे प्रीमियम लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को खुड्डा व पुरकाजी की टीम में फाइनल मैच हुआ। इसमें पुरकाजी की टीम विजेता रही।
खुड्डा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 14 ओवरों में 8 विकेट पर 189 रन बनाए। जवाब में पुरकाजी की टीम के खिलाड़ी शुभम ने 24 गेंदों में 87 रन, आसिफ ने नौ गेंदों में 34 रन और गुल मोहम्मद ने सात गेंदों में 36 रन बनाए। इस पर टीम ने 12 ओवरों में तीन विकेट खोकर 190 रन बनाकर मैच जीत लिया।
पुरकाजी की टीम के खिलाड़ी शुभम को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा वाजिद कुरैशी को 16 विकेट लेने पर टूर्नामेंट के बेस्ट बॉलर का पुरस्कार दिया गया। मैच में अंपायर की भूमिका टिंकल व विशाल त्यागी ने निभाई। समाजसेवी दानियाल मुस्तफा ने विजेता टीम को 35 हजार रुपये व नगर पंचायत सभासद शाह आलम गौड़ ने उप विजेता टीम को 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया। इस दौरान अप्पी प्रधान सीकरी, मोहम्मद आरिफ सिद्दीकी जानसठ, हाफिज मोहसिन, अनस, आदिल व मोहम्मद आरिफ आदि मौजूद रहे।