शिवरात्रि पर श्रद्धा और भक्ति के साथ बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया। देर रात से ही शिवालयों पर श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। शहर के हृदय स्थल शिवचौक पर दिनभर महिलाओं की लंबी कतारें लगी रहीं। बोहरो के मंदिर, गांधी कॉलोनी, नईमंडी बालाजी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस को व्यवस्था बनाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।
श्रावण मास की शिवरात्रि पर भगवान शिव को जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करने को शुक्रवार को सुबह से ही शिवालयों में भारी भीड़ रही। भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने को महिला श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रही। भगवान शिव से मन्नतें भी मांगी। मुख्य रूप से शिवचौक पर ब्रह्म मुहूर्त से ही लोग लाइन लगाकर खड़े हो गए।
हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों ने भी बाबा भोलेनाथ को जलाभिषेक किया। शिवचौक पर हर-हर, बम-बम के जयघोष के साथ श्रद्धालु भगवान को जल चढ़ाकर आगे बढ़ते रहे। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने मार्ग को बंद ही रखा। दोपहर तक अधिक भीड़ रही।
प्राचीन शिवमंदिर बोहरों के मंदिर में भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में जल चढ़ाने पहुंचे। मंदिर की प्राचीन कलाकृति यहां श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है। एसडी मार्केट स्थित शिवमंदिर, नदी घाट स्थित मंदिर, केशवपुरी के शिव मंदिर पर भी भारी भीड़ जुटी। गांधी कालोनी के अनंतेश्वर महादेव मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर, वैष्णोदेवी मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रही। यहां भीड़ को देखते हुए पुलिस की बेहतर व्यवस्था रही।
नईमंडी के बालाजी मंदिर, दुर्गा मंदिर, पटेलनगर स्थित मंदिर में भगवान शंकर को जल चढ़ाने और पूजा-अर्चना करने के लिए श्रद्धालु पहुंचे। बालाजी संकीर्तन मंडल ने महाशिवरात्रि पर भजनों का आयोजन भी किया। इस दौरान चंद्रकिरण गर्ग, पंकज जिंदल, विधायक कपिलदेव अग्रवाल कार्यक्रम में मौजूद रहे। राहुल वर्मा ने अपनी मधुर आवाज में बाबा भोलेनाथ के भजन सुनाए। प्रवीण गर्ग, एकता गुप्ता, हरीश गोयल, लवी अग्रवाल, रुचिन शर्मा, अजय जोगिया, मोहनलाल, दीपक आदि का सहयोग रहा।
शिवालयों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
मुजफ्फरनगर। शिवरात्रि पर शिवालयों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। एसएसपी अनंत देव ने मुख्य स्थानों का स्वयं निरीक्षण किया। शिवचौक पर आरएएफ तैनात रही, बाकी सभी मंदिरों में पुलिस बल तैनात रहा। अफसरों की गाड़ियां भी लगातार सुरक्षा का जायजा लेती रहीं।
शिवचौक पर महाआरती में श्रद्धा का सैलाब
मुजफ्फरनगर। शिवचौक पर शाम के समय महाआरती में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। डीएम जीएस प्रियदर्शी और एसएसपी अनंत देव ने बाबा भोलेनाथ की आरती की। महाआरती के दौरान शिवचौक के सभी रास्तों को बंद कर दिया गया। शिवमूर्ति को इस अवसर पर भव्य रूप से सजाया गया। महाआरती शुरू होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती चली गई। आरती के समाप्त होने तक शिवचौक पर जनसमूह एकत्र हो गया। हर-हर, बम-बम के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा।
महाआरती में डीएम जीएस प्रियदर्शी, एसएसपी अनंत देव, नगर विधायक कपिलदेव अग्रवाल, पुरकाजी विधायक प्रमोद ऊंटवाल, शंकर स्वरुप बंसल, भीमसेन कंसल, सुशील शर्मा, हरिमोहन बत्रा आदि ने भाग लिया। महाआरती के दौरान शिवचौक के चारों तरफ के रास्तों को सील कर दिया गया। पुलिस ने आम आदमी के लिए आवाजाही बंद कर दी। इस अवसर शिवचौक को दुल्हन की तरह सजाया गया। शिवचौक की छटा अलग ही दिखाई पड़ रही थी। महाआरती के दौरान जल चढ़ाने वाले शिवभक्तों की कतार लग गई, जिन्होंने आरती के बाद जलाभिषेक किया।