ककरोली पुलिस ने पकड़े तमंचे सप्लायर फोटो संवाद
मुज़फ्फरनगर। थाना ककरौली पुलिस ने सोशल मीडिया पर तमंचों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। दो आरोपी अग्निवीर भर्ती की प्रथम चरण की परीक्षा पास कर चुके हैं। उनकी शारीरिक दक्षता परीक्षा शेष है। तीन युवक इंस्टाग्राम पर अवैध शस्त्रों का विज्ञापन कर तमंचे बेचते थे जबकि चार युवक इनसे तमंचे खरीदने आए थे।
एसएसपी संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि ककरौली पुलिस बेहड़ा सादात के पास गश्त कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि आश्रम चौराहे से आगे यात्री शेड में कुछ युवक अवैध असलहा लिए बैठे हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो एक आरोपी ने तमंचे से फायर कर दिया। घेराबंदी कर पुलिस ने सात युवकों को पकड़ लिया। उनके पास से 14 तमंचे, बाइक बरामद की। प्रेसवार्ता में सीओ भोपा देवव्रत वाजपेई व एसओ ककरौली जोगेंद्र भी मौजूद रहे।
ये हुए गिरफ्तार : पकड़े गए युवक ककरौली के खोकनी गांव निवासी अभिषेक, निखिल, मीरापुर के कासमपुर खोला निवासी नितिन, हरिद्वार के थाना व गांव खानपुर निवासी विशाल उर्फ गोली, समीर, तुगलकपुर गांव निवासी चिंटू, थाना छपार के रामपुर गांव निवासी संजीव है। विशाल व समीर अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा पास कर चुके हैं, शारीरिक दक्षता परीक्षा शेष है।