सिविल बार एसोसिएशन के कार्यक्रम में बोलते अधिवक्ता।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
महिला उत्पीड़न पर सिविल बार एसोसिएशन में गोष्ठी
मुजफ्फरनगर। कचहरी प्रांगण स्थित सिविल बार एसोसिएशन के हॉल में सोमवार को महिला उत्पीड़न की बढ़ती घटनाओं को लेकर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में हैदराबाद व उन्नाव में महिलाओं के साथ हुई वारदात पर कड़ी नाराजगी जताई गई।
सिविल बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए महिला अधिवक्ताओं वैशाली सिंह, मीरा सक्सेना व शशि प्रभा ने कहा कि समाज में संस्कार खत्म हो रहे हैं। इसके चलते युवा वर्ग की मानसिकता खराब हो रही है। शबाना तबस्सुम, मीनाक्षी शर्मा व रितिका कौशिक ने कहा कि बच्चों में बचपन से ही संस्कार के साथ ही स्कूल-कॉलेज में उन्हें सैक्स शिक्षा दी जाए, ताकि उनमें सैक्स को लेकर जागरूकता बढ़े और वे महिलाओं के साथ सभ्य तरीके से पेश आएं। गोष्ठी के अंत में सिविल बार एसोसिएशन अध्यक्ष अनिल कुमार दीक्षित ने कहा कि महिलाएं कहीं भी किसी स्तर पर कमजोर नहीं हैं और वे हर कार्य करने में सक्षम हैं। अंत में हैदराबाद व उन्नाव कांड को लेकर निंदा प्रस्ताव पेश करते हुए सरकार से इन घटनाओं में शामिल अपराधियों को जल्द और कड़ी सजा दिए जाने की मांग की गई। संचालन महासचिव बिजेंद्र सिंह मलिक ने किया। गोष्ठी में खजान सिंह चौहान, रामवीर सिंह, अशोक कुशवाह, सतेंद्र कुमार, राज सिंह रावत, प्रवीण कुमार, नीरज ऐरन, सुधीर गुप्ता, धीरेंद्र आदि मौजूद रहे।