संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। गांव भैंसी नाले में गंगनहर का पानी न आने से परेशान ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत की। जिस पर एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने सिंचाई विभाग के जिलेदार को साथ लेकर गंगनहर साइफन और नाले का निरीक्षण किया। नाले में गंगनहर का पानी छोड़े जाने और नाला सफाई के निर्देश दिए।
गंगनहर से निकल कर गांव भैंसी से होता हुआ नाला खलासी नहर में गिरता है। पिछले कई माह से गंगनहर का पानी नाले में नहीं जा रहा है, जिस कारण गांव से निकलने वाला गंदा पानी नाले में ही ठहरा हुआ है। गंदा पानी जमा होने से नाले में दुर्गंध उठने लगी है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। मच्छर और नाले से उठ रही दुर्गंध से ग्रामीण परेशान हैं, जिससे गांव में संक्रामक रोग फैलने की आशंका बनी है।
दो दिन पूर्व भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजू अहलावत के साथ ग्रामीणों ने गंगनहर का पानी नाले में नहीं छोड़ने पर धरना-प्रदर्शन कर सिंचाई विभाग कर्मचारियों का घेराव करने की चेतावनी दी थी।
बृहस्पतिवार को एसडीएम ने गंगनहर पर पहुंच कर साइफन और नाले का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग के जिलेदार सुरेंद्र सिंह से नाला सफाई करा कर गंगनहर पानी छोड़े जाने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों ने एसडीएम को परेशानी से अवगत कराया। सिंचाई विभाग के जिलेदार ने नाला सफाई कराकर पानी छोड़े जाने की बात कही है। इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्क्ष राजू अहलावत, पूर्व प्रधान सुनील अहलावत, शीशपाल, राजपाल, अमित, रामेश्वर, छोटू, अशोक, राजन आदि ग्रामीण मौजूद रहे।