संजीव बालियान के दूसरे भाई का भी कोरोना से निधन
मुजफ्फरनगर। केंद्रीय पशुधन राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के दूसरे तयेरे भाई राहुल बालियान उर्फ राहुल कुटबी ( 62) का भी कोरोना से निधन हो गया। ऋषिकेश एम्स में उन्होंने अंतिम सांस ली। चार दिन पहले राहुल के छोटे भाई जितेंद्र का भी कोरोना संक्रमण से निधन हो गया था। दो भाइयों के निधन से परिवार मेें शोक व्याप्त है।
त्रिस्तीय पंचायत चुनाव में शाहपुर क्षेत्र के गांव कुटबी निवासी केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान के दोनों भाई राहुल बालियान उर्फ राहुल कुटबी और नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान जितेंद्र बालियान कोरोना संक्रमित हो गए थे। हालत गंभीर होने पर दोनों को ऋषिकेश एम्स में 24 अप्रैल को भर्ती कराया गया था। चार दिन पहले 18 मई को जितेंद्र का निधन हो गया था। राहुल भी वेंटिलेटर पर थे। शुक्रवार दोपहर दो बजे एम्स में उन्होंने अंतिम सांस ली। संजीव बालियान भी सुबह से ही ऋषिकेश में मौजूद थे। राहुल का अंतिम संस्कार देर शाम को गांव कुटबी में कोरोना प्रोटोकॉल के तहत किया गया। उनके भतीजे विश्वेंद्र ने मुखाग्नि दी। वो राष्ट्रीय इंटर कॉलेज शाहपुर की प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष थे। चार दिन के भीतर केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान के दो भाइयों का निधन होने से गांव और क्षेत्र में शोक व्याप्त है।