कचहरी स्थित सदर हवालात के मालखाने की जर्जर छत मंगलवार सुबह अचानक भरभरा कर गिर गई। जिसके नीचे रिकार्ड भी दब गए। सूचना मिलने पर डीएम जीएस प्रियदर्शी ने मौका मुआयना कर जल्द छत बनवाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
कचहरी में कोर्ट में पेशी पर लाए जाने वाले बंदियों के लिए सदर हवालात बनी है। वहीं पर सदर हवालात का मालखाना भी है। इस मालखाने में मुकदमों से संबंधित जब्त किए गए सामान, रिकार्ड, दस्तावेज रखे जाते हैं। मालखाना जिस भवन में बना है, वह कई दशक पुराना होने के कारण इस समय जर्जर अवस्था में है।
मंगलवार सुबह मालखाने की छत अचानक भरभरा कर गिर गई। यहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर डीएम जीएस प्रियदर्शी ने मौके पर जाकर मुआयना किया। उनके साथ एडीएम प्रशासन मनोज कुमार चौहान, एडीएम वित्त सुनील कुमार सिंह भी थे।
मौके पर सीओ सिटी भी पहुंचे। डीएम ने वहां सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों से दीवार गिरने की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से दीवार को जल्द से जल्द बनवाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही रिकार्ड की सुरक्षा के निर्देश दिए गए। इसके अलावा डीएम ने नजारत कार्यालय के सामने बने भवन पर पड़ी टिन शेड को भी बदलवा कर पक्की छत का निर्माण कराने का कहा, ताकि भवन का उपयोग किसी कार्यालय के रूप में किया जा सके।