जिले में अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर लिंग परीक्षण की जांच किए जाने की शिकायत केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय तक पहुंच गई है। पीसीपीएनडीटी की एनसीएमआई टीम के सदस्य डॉ सुभाष बालियान ने इस गोरखधंधे की परिवार कल्याण मंत्रालय को रिपोर्ट भेजी है। वहीं, जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सिस्टम सही न होने शिकायत लखनऊ, डीएम के साथ मंत्रालय तक भेजी गई है।
अल्ट्रासाउंड केंद्र एक बार फिर से स्वास्थ्य विभाग के रडार पर है। सरकुलर रोड पर जांच में भले ही कुछ न मिला हो, लेकिन इससे पहले भी विभाग की कार्यप्रणाली और लिंग परीक्षण की शिकायतें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय तक पहुंची है। जिन पर स्वास्थ्य विभाग कोई एक्शन नहीं ले सका है। नॉर्थ जोन पीसीपीएनडीटी की बॉडी एनसीएमआई के नॉर्थ जोन के सदस्य डॉ सुभाष बालियान ने जनपद के करीब आधा दर्जन क्षेत्रों में लिंग परीक्षण की जांच से पर्दा उठाया था, जिनकी रिपोर्ट बनाकर स्वास्थ्य विभाग, डीएम तक दी गई। कार्रवाई के नाम पर मामले में ढिलाई बरती गई।
बताया कि जनपद के दधेड़ी, जानसठ, तितावी, शाहपुर, शहर में अंसारी रोड, सरकुलर रोड आदि क्षेत्रों में अल्ट्रा साउंड केंद्रों पर लिंग परीक्षण की जांच धड़ल्ले की जा रही है। नेशनल इंपेक्शन मॉनीटरिंग कमेटी के सदस्य डॉ बालियान ने बताया कि खुद जिला अस्पताल में लगी अल्ट्रासाउंड मशीन भी नियमों पर खरी नहीं है। उन्होंने जिले में भी अल्ट्रासाउंड को बनी कमेटी पर भी सवाल उठाया गया है। उधर, जिले अल्ट्रासाउंड जांच कमेटी के नोडल अफसर डॉ वीके ओझा ने बताया कि यह शिकायतें निराधर हैं।
पुरकाजी में मिले थे भ्रूण
दो माह पूर्व पुरकाजी क्षेत्र में कूड़े के ढेर पर भ्रूण मिले थे। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने यहां शायना परवीन समेत कई चिकित्सकों के क्लीनिकों पर छापेमारी की थी। लेकिन अभी तक स्वास्थ्य विभाग इस मामले के असली गुनाहगारों तक नहीं पहुंच सका है।