मुजफ्फरनगर। शहर में जाम से मुक्ति के लिए मेरठ जाने व आने वाली भैंसाली और मुजफ्फरनगर डिपो की रोडवेज बसों का संचालन शनिवार से नगर के राना चौक से शुरू हो गया। पहले दिन यात्री परेशान हुए। महिलाएं व बच्चे ज्यादा परेशान दिखाई दिए। यात्रियों की किराये को लेकर ई-रिक्शा चालकों से झड़प हुई।
परिवहन निगम की रोडवेज बसों का अड्डा शहर के बीच में एसएसपी आवास व प्रकाश चौक के बीच में है। यहां से परिवहन निगम की 242 बसों का संचालन होता है। सभी बस खड़ी करने का स्थान यहां पर नहीं है। अधिकांशत: बाहर से आने वाली बसों को रोजाना माल रोड पर रोका जाता है। इस वजह से यहां रोजाना जाम लगता है।
जाम से राहत दिलाने के लिए डीएम उमेश मिश्रा ने अधिकारियों की बैठक लेकर मेरठ से मुजफ्फरनगर आने-जाने वाली भैंसाली डिपो की रोडवेज बसों को शहर से बाहर राना चौक से संचालित करने के आदेश दिए थे। शनिवार से बसों का संचालन शुरू किया गया है।
बस का सफर व किराया प्रभावित
शहर से पूर्व समय में मेरठ जाने वाली बस में एक यात्री को 92 रुपये चुकाने पड़ते थे। अब नई व्यवस्था में पांच किलोमीटर का सफर और किराया आठ रुपये कम हुआ हैं।
यात्रियों की बढ़ी परेशानी-
पहले विभिन्न स्थानों से शहर में आने वाले यात्री रोडवेज बस में अड्डे पर पहुंचते थे। वहां से अपने काम के लिए चले जाते थे। अब नई व्यवस्था में मेरठ से आने वाले यात्री राना चौक पर उतरेंगे। इसके बाद ई-रिक्शा व अन्य वाहन में शहर में पहुंचेंगे।
-
यात्रियों को जेब करनी पड़ रही ढ़ीली
नई व्यवस्था में ई रिक्शा चालकों की मौज आ गई। वह राना चौक से शहर में महावीर चौक, रोडवेज बस अड्डे, रेलवे स्टेशन पर पहुंचाने के बीस रुपये किराया ले रहे है। इससे यात्रियों पर अतिरिक्त भार पड़ा है। पहले रोडवेज बस में बस अड्डे पर आने पर उन्हें 92 रुपये किराया देना होता था लेकिन अब पहले राना चौक पर उतरना पड़ रहा है। वहां से रोडवेज बस अड्डे पर आने के लिए ज्यादा समय में और एक यात्री को एक तरफ से 12 रुपये ज्यादा चुकाने पड़ रहे है। ई-रिक्शा चालकों से कई यात्री किराये को लेकर झगड़ते भी दिखाई दिए।
यह बोले यात्री
बुढ़ाना के गांव जौला निवासी महबूब ने कहा कि उन्हें कोर्ट में आना था। बस ने उन्हें राना चौक पर उतार दिया। यहां से ई-रिक्शा में बीस रुपये किराया खर्च कर कोर्ट पहुंचना पड़ा। उन्हें देर भी हो गई।
गाजियाबाद के गांव देहरा निवासी यासीन ने कहा कि वह कोर्ट में तारीख पर आए थे। राना चौक पर बस से उतर कर ई-रिक्शा में पहले प्रकाश चौक व बाद में कोर्ट गए। राना चौक से शहर जाने व वापसी में उनका एक घंटा ज्यादा व्यतीत हो गया।
एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे ने कहा कि शहर में जाम के मद्देनजर नई व्यवस्था बनाई है। यात्रियों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
राना चौक पर परेशान यात्री फोटो संवाद