रोडवेज बस ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, छह लोग घायल
शाहपुर। मुजफ्फरनगर रोड पर नवीन गुड़ मंडी स्थल के सामने एक रोडवेज की बस ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। जिसमें ई-रिक्शा चालक व एक महिला सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
क्षेत्र के गांव काकड़ा निवासी ई-रिक्शा चालक सचिन गांव की आधा दर्जन सवारियों को लेकर कस्बे में आ रहा था। जब वह मुजफ्फरनगर रोड पर नवीन गुड़ मंडी के सामने पहुंचा, तो सामने से आ रही बड़ौत डिपो की अनुबंधित बस ने टक्कर मार दी। जिसमें ई-रिक्शा चालक सचिन सहित ई-रिक्शा में सवार महिला सरोज के अलावा मिंटू, वंश, अर्जुन व सुरेंद्र घायल हो गए। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को लोगों की मदद से अस्पताल भिजवाया। इस दौरान मुजफ्फरनगर बड़ौत मार्ग पर जाम लग गया।
पुलिस ने अनुबंधित बस को कब्जे में लेने के साथ क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। बस का चालक पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया। सीएचसी से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। संवाद