बारिश से खराब हुईं सड़कें
मुजफ्फरनगर। श्रावण मास में लगातार कई दिन तक हुई भारी बारिश ने शहर की सड़कों की हालत बिगाड़ कर रख दी है। खासकर शहर के बाहरी मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिनमें गहरे गड्ढे बन चुके हैं। पीडब्लूडी द्वारा फौरी तौर पर इन्हें ईंट-पत्थर और मिट्टी डालकर पैचवर्क किया गया है, लेकिन इनमें फंसकर वाहन क्षतिग्रस्त होने के साथ ही राहगीर भी चोटिल हो रहे हैं।
शहर के जानसठ रोड पर बाईपास से आगे की सड़क तो पूरी तरह से गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। जहां बारिश का पानी भरकर सड़क को कीचड़ का तालाब बना चुका है। इससे होकर निकलने वाले वाहनों के साथ ही राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। यही हाल, शहर के वहलना चौक स्थित मेरठ रोड और शामली रोड का भी है। शहर के वहलना चौक पर करीब एक-एक फीट गहरे गड्ढे हैं, जिनमें ईंट-पत्थर और मिट्टी डालकर पेचवर्क किया जाता है। लेकिन वह चंद रोज में फिर से जस का तस हो जाता है। वहीं, शहर के चरथावल मोड़ से लेकर बुढ़ाना मोड़ तक की सड़क की हालत भी बेहद जर्जर हो चुकी है। यहां भी पीडब्लूडी द्वारा ईंट-पत्थर और मिट्टी डालकर पेचवर्क किया जाता है, लेकिन वह कुछ ही दिन में फिर से पहले की स्थिति में पहुंच जाती है।
इन्होंने कहा ......
शहर के बुढ़ाना मोड़ निवासी शमशाद व मोंटी का कहना है कि यह सड़क तो बरसों से जर्जर हालत में है। पिछले दिनों हुई बारिश ने रही-सही कसर पूरी कर दी है। बारिश में तो यहां करीब डेढ़ फीट तक पानी भर जाता है, जिससे सड़क के गड्ढे तक नहीं दिखते और लगातार राहगीर हादसों का शिकार होते रहते हैं।
जानसठ रोड निवासी रियाज व शहजाद ने बताया कि शहर से निकलते ही हाईवे बाईपास पार कर यहां करीब एक से डेढ़ फीट तक गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इनमें बारिश का पानी भरने के साथ ही आसपास के घरों से निकलने वाला गंदा पानी भी हर समय भरा रहता है। ऐसे में ये सड़क पर भी कीचड़ बना देते हैं।
शामली रोड के बुढाना मोड पर पर टूटी सडक से गुजरते वाहन ।- फोटो : MUZAFFARNAGAR