भाकियू अध्यक्ष ने महापंचायत की जिम्मेदारी सौंपी
सिसौली (मुजफ्फरनगर)। पांच सितंबर को जीआईसी के मैदान में होने वाली महापंचायत को लेकर शुक्रवार को सिसौली कस्बे की पंचायत बुलाई गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सिसौली की ओर से तीन, चार सितंबर और पांच तारीख में एक संयुक्त रूप से ढाबा चलाया जाएगा, जिसकी व्यवस्था गांव के जिम्मेदार लोगों के हाथ में रहेगी।
पंचायत में भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने भाग लिया। उन्होंने संयुक्त मोर्चे की होने वाली महापंचायत में कस्बे वालों की क्या जिम्मेदारी रहेगी, इसके विषय में सभी को अवगत कराया। कस्बे में अलग-अलग पट्टी से वालिंटियर बनाए जाएंगे, जो पंचायत की व्यवस्था की देखरेख में रहेंगे। पंचायत में बाहर से आने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो इसका ध्यान रखते हुए सभी अपनी-अपनी जिम्मेदारी समझे।
चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि जो भी इस पंचायत भाग नहीं लेगा वो जीवन कुछ नहीं कर पाएगा। ऐसा सोचकर किसान और सरकार के बीच इस धर्म युद्ध में सभी अपना सहयोग दे। सिसौली की ओर से मुस्लिम, कश्यप, वैश्य आदि समाज भी अपने अलग-अलग भंडारे चलाएंगे। वालिंटियर चार सितंबर में मुजफ्फरनगर पहुंच जाएंगे और वहां की व्यवस्था संभालेंगे। पांच सितंबर में सुबह यहां से किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में भारतीय किसान यूनियन व राष्ट्रीय ध्वज लगाकर यहां से मुजफ्फरनगर के लिए निकलेंगे।
कहा कि व्यवस्था और उसकी गरिमा को बनाते हुए इस पंचायत को सफल बनाएं। अध्यक्षता मास्टर मलखान सिंह और संचालन रामपाल जागर ने किया। मौके पर रेशपाल, अनंगपाल, अभिजीत, हुसैन आलम, शौकत, रकमपाल, वेदपाल,राजेंद्र, चांदबीर आदि मौजूद रहे।
महापंचायत की व्यवस्थाओं को देखा
मुजफ्फरनगर। संयुक्त किसान मोर्चा की पांच सितंबर को होने वाली किसान महापंचायत की तैयारियों को लेकर गाजीपुर बॉर्डर से जगतार सिंह बाजवा, दिगंबर सिंह ने चर्चा की। उन्होंने यहां पहुंच कर किसान महापंचायत स्थल जीआईसी के मैदान का भी निरीक्षण किया।
गाजीपुर बार्डर के प्रवक्ता जगतार सिंह बाजवा व भाकियू के निवर्तमान युवा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह ने किसानों के ठहरने, खाने हेतु लंगर, जेनरेटर सहित चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, शौचालय एवं स्नान की व्यवस्था, वालिंटियर की टीम आदि विषयों पर जोर दिया। पंचायत स्थल के आसपास एवं ग्राउंड में 35 मेडिकल कैंप, चार एंबुलेंस, प्राथमिक चिकित्सा मोबाइल टीम, अस्थाई पांच बेड का हॉस्पिटल बनाने, राजकीय इंटर कॉलेज, छोटूराम इंटर कॉलेज, महावीर चौक कार्यालय पर भंडारे का इंतजाम किया जाएगा।
पार्किंग व्यवस्था को लेकर तय किया गया कि मेरठ रोड से आने वाले सभी वाहनों को नुमाइश कैंप में पार्क कराया जाएगा। सूजडू चुंगी से सरकुलर रोड पर जाने के लिए किसी भी वाहन को इजाजत नहीं दी जायेगी। मुजफ्फरनगर-शामली रोड, चरथावल रोड से खालापार होते हुए सभी वाहनों को इस्लामिया इंटर कॉलेज व डीएवी इंटर कॉलेज में पार्क किया जाएगा।
जानसठ-बिजनौर रोड से आने वाले सभी वाहन महावीर चौक से पुल के नीचे से माल गोदाम रेलवे स्टेशन पर पार्क कराये जायेंगे। रुड़की रोड, भोपा रोड से आने वाले सभी वाहन रेलवे स्टेशन माल गोदाम पर पार्क कराये जाएंगे। पंचायत स्थल पर निरीक्षण के दौरान साथ में भाकियू मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक भी मौजूद रहे।