गांधी कालौनी की मुख्य मार्ग में हुए गडडों से गुजरते वाहन।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। जल्द ही बरसात का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में शहर की टूटी पड़ी सड़कें मुसीबत बनेंगी। नगर पालिका की आपसी खींचतान और लॉकडाउन के कारण इन सड़कों का निर्माण नहीं हो सका। शहर की गांधी कॉलोनी की प्रमुख सड़क का भी बुरा हाल है। यहां के लोग बरसात को लेकर चिंतित हैं। टूटी सड़क पर जलभराव से स्थिति और ज्यादा खराब हो जाएगी।
गांधी कॉलोनी की मुख्य सड़क से खूब आवागमन रहता है। यह सड़क सरवट फाटक से होते हुए गुजरती है। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह टूट गई है। स्थानीय निवासी पंकज कुमार का कहना है कि हल्की बारिश होते ही सड़क पर पानी भर जाता है। दुपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर जाते हैं। वह बताते हैं कि सड़क निर्माण को कई वर्ष बीत गए। बीच में मरम्मत का काम हुआ लेकिन यह ज्यादा दिनों तक नहीं टिक पाया। हरजीत सिंह का कहना है कि जरा सी बारिश होते ही गांधी वाटिका के पास तो भारी जलभराव हो जाता है। यहां से गुजरना भी मुश्किल रहता है। अब बरसात सिर पर है। इस मार्ग से गुजरना भी मुश्किल हो जाएगा।
---------------
इन्होंने कहा...
फोटो
हल्की सी बारिश होते ही सड़क पर जगह-जगह जलभराव हो जाता है। यह समस्या वर्षों से झेल रहे हैं लेकिन इस तरफ नगर पालिका या अधिकारियों का ध्यान नहीं गया।
- सोहनलाल, दुकानदार।
------------
फोटो
कई जगह तो सड़क पूरी तरह टूटी पड़ी है। दुपहिया वाहन चालक फिसलकर गिरते रहते हैं। अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी इधर से आते जाते हैं लेकिन सुध किसी ने नहीं ली।
- अशोक कुमार, दुकानदार।
------------
फोटो
बरसात के सीजन में फिर से मुसीबतें झेलनी पड़ेगी। यहां तो बिना बारिश के कई जगह पर पानी भरा रहता है। सड़क पर चलना दूभर रहता है।
- मोहित शर्मा, दुकानदार।
-------------------------
फोटो
गांधी कॉलोनी की सड़क के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कराया जाएगा। बोर्ड बैठक नहीं होने के कारण बजट पास नहीं हुआ है। अभी पुराने कार्यों का भी भुगतान नहीं हुआ है। जो सड़कें खराब हैं उनका निर्माण कराया जाएगा।
- अंजू अग्रवाल, चेयरपर्सन, नगर पालिका।
--------------------
गिरिराज
गांधी कालौनी की खस्ता हाल सडकें।- फोटो : MUZAFFARNAGAR