-जिले में हैं कुल 48 राजकीय और 74 सहायता प्राप्त विद्यालय
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। परिषदीय स्कूलों से कक्षा आठ पास करने वाले छात्रों को माध्यमिक विद्यालयों में प्रवेश दिलाने के लिए विशेष नामांकन अभियान चलाने के लिए बोर्ड से निर्देश प्राप्त हुए हैं। इसके तहत राजकीय एवं सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के 5 किलोमीटर के दायरे में आने वाले स्कूलों के बच्चों को माध्यमिक विद्यालयों में दाखिला सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी विद्यालयों को दी गई है।
जिले में कुल 48 राजकीय और 74 सहायता प्राप्त विद्यालय हैं। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में नामांकन संख्या का स्तर काफी कम है। इसके साथ ही राजकीय विद्यालयों में शिक्षकों की समुचित और शैक्षिक सुविधाओं के अनुरूप छात्रों की संख्या भी निम्न स्थिति में है। इसके लिए डीआईओएस ने सभी विद्यालयों को निर्देश जारी कर संख्या को दस फीसदी तक बढ़ाने का लक्ष्य दिया है। इसके साथ ही विद्यालय नामांकन की प्रतिदिन की रिपोर्ट कार्यालय को भेजने के लिए कहा गया है।
-बेसिक शिक्षा विभाग करेगा मदद
डीआईओएस राजेश कुमार श्रीवास ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग बेसिक शिक्षा विभाग की मद्द से अभियान को सफल बनाने में जुट गया है। अभियान के तहत प्रत्येक उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक ट्रांजिशन रजिस्टर तैयार किया जाएगा। इसमें कक्षा आठ उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं का विवरण और कक्षा-9 प्रवेश लिए गए विद्यालय का नाम दर्ज किया जाएगा। परिषदीय स्कूलों से आठवीं उत्तीर्ण कर चुके छात्रों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।