पांच विद्यालयों की आरसी जारी, बिल बकाया होने पर काट दिए गए 22 स्कूलों के कनेक्शन
मुजफ्फरनगर। बिजली बिल बकाया होने पर नगर के पांच परिषदीय विद्यालयों की आरसी जारी कर दी गई है। इनके साथ ही बकाया जमा नहीं करने पर 22 स्कूलों के विद्युत कनेक्शन काटे हुए हैं। विद्युत निगम की इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा है, लेकिन बार-बार डिमांड भेजने के बावजूद शासन से बिजली बिल भुगतान के लिए धनराशि नहीं भेजी जा रही।
नगर क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों का बुरा हाल है। छात्र-छात्राओं की भरमार के बावजूद यहां शिक्षकों की किल्लत तो पहले से ही चल रही है, लेकिन अब नई मुसीबत बिजली विभाग ने खड़ी कर दी है। शहर में कुल 38 परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। इन सभी स्कूलों पर बिजली बिलों का मोटा बकाया है। इसके चलते लगभग 22 स्कूलों के बिजली कनेक्शन कट गए हैं। साथ ही पांच स्कूलों की आरसी भी वसूली के लिए तहसीलों को भेजी जा चुकी है। आरसी का नोटिस मिलते ही स्कूल प्रधानाध्यापकों और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। विभाग की ओर से फिर एक बार शासन को बिल भुगतान के लिए धनराशि भेजने को पत्र लिखा जा रहा है। शिक्षा विभाग के मुताबिक प्राथमिक विद्यालय रिफ्यूजी कैंप पर 27 हजार, प्राथमिक विद्यालय शाकुंतल पर 30 हजार, पंचमुखी कन्या प्राथमिक विद्यालय पर 22 हजार, उच्च प्राथमिक विद्यालय पंचमुखी पर 34 हजार तथा पूर्वी पाठशाला पर 70 हजार रुपये बकाया होने पर आरसी जारी कर दी गई है।
अपने पास से बिल भुगतान कर रहे शिक्षक
मुजफ्फरनगर। खालापार में संचालित तीन विद्यालयों का बिल यहां के मुख्य अध्यापक मोहम्मद जावेद अपने पास से जमा कर रहे हैं। ये तीनों विद्यालय एक ही परिसर में संचालित हैं। प्रतिमाह दो से ढाई हजार रुपये का बिजली बिल आता है। उधर, खंड शिक्षा अधिकारी डा. सविता डबराल का कहना है कि बिजली बिल जमा नहीं होने पर विद्यालयों की आरसी जारी होने के संबंध में शिक्षकों ने जानकारी दी है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा जा रहा है।