चरथावल क्षेत्र के गांव में खेत पर चारा लेने गई नाबालिग लड़की के साथ रविवार को गांव के दो युवकों ने डरा धमकाकर गैंगरेप किया। थाने पहुंचे किशोरी के परिजनों पर कुछ ग्रामीणों ने समझौते का दबाव बनाया, लेकिन बाद में पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कर लिया। सूचना पर सीओ सदर भी थाने पहुंचे। किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा गया है, जबकि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हिंडन पुलिस चौकी क्षेत्र के एक गांव की किशोरी मोहल्ले के बच्चों के साथ खेत पर चारा लेने गई थी। आरोप है कि जंगल में दो युवकों ने लड़की को दबोच लिया और पास के खेत में खींचकर ले गए। दोनों ने किशोरी को डरा धमकाकर गैंगरेप किया। युवकों की हरकत पर किशोरी के साथ गए बच्चे डर गए और दौड़कर गांव में आ गए। बच्चों ने किशोरी के परिजनों को मामले की जानकारी दी। परिवार के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गए।
उधर, घटना की सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। बाद में गांव से काफी संख्या में लोग थाने पहुंच गए और पीड़ित परिवार पर सुलह करने का दबाव बनाया गया। इसी दौरान किसी ने सीओ सदर अरुण कुमार को मामले की जानकारी दे दी। थाने पहुंचे सीओ ने पीड़ितों से बात की और पुलिस को तत्काल आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए।