अनुज की बेटियों को 50 लाख की मदद दिलाएं
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को ज्ञापन देकर मोरना के दवा कारोबारी अनुज कर्णवाल के हत्यारोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी तथा मृतक की बेटियों को शिक्षा दिलाने के लिए शासन से 50 लाख की आर्थिक मदद की मांग की है।
बुधवार को डीएम सेल्वा कुमारी जे से मिले प्रतिनिधिमंडल ने मोरना के दवा कारोबारी अनुज के हत्यारोपियों की अभी तक गिरफ्तारी न होने पर रोष जताया। प्रतिनिधिमंडल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही बताया कि मृतक अनुज कर्णवाल की हत्या के बाद मेडिकल स्टोर का संचालन कर परिवार का पालन पोषण करने वाला कोई नहीं रहा है। मृतक की बड़ी बेटी कक्षा 11 और छोटी कक्षा सात में पढ़ती है। प्रतिनिधिमंडल ने दोनों बेटियों की शिक्षा और पालन पोषण के लिए मुख्यमंत्री राहत से 25-25 लाख रुपये देने की मांग की। इस मौके पर प्रमोद मित्तल, श्रीमोहन तायल, सुभाष चौहान, संजय गुप्ता, सतीश तायल, संजीव वर्मा, राजेश जुनेजा, डा.आरके गुप्ता, दिव्य प्रताप सोलंकी, सचिन त्यागी, अमित वत्स, सुबोध जैन और मनोज गर्ग आदि मौजूद रहे।