महिला से नकदी और कुंडल ठगे
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। दो ठगों ने एक महिला को झांसे में लेकर सोने के कुंडल सहित दो हजार रुपये की नकदी ठग ली।
देवबंद निवासी फरजाना पत्नी इदरीश कस्बे में अपने रिश्तेदार से मिलने आई। बुधवार दुपहर फरजाना बस अड्डे पर उतरी, जहां उसको दो अज्ञात युवक मिले। वे दोनों महिला को अपनी बातों में उलझा कर तालड़ा बाईपास पर ले गए। इन दोनों ठगों ने महिला को उसके परिवार में परेशानी होने की बात बताई। दोनों ठगों ने कहा कि वे उसके घर की परेशानी दूर कर सकते हैं। ठगों ने महिला से सोने के कुंडल और दो हजार रुपये की नकदी ले ली। इसके बाद दोनों ठगों ने महिला को कुछ कदम आगे चलने को कहा। जब महिला ने पीछे मुड़कर देखा, तो दोनों ठग गायब हो गए थे। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। काफी देर में मामला समझ में आया, तो लोगों ने ठगों की तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद महिला रोते बिलखते वहां से चली गई।