फैक्टरी की चिमनी से निकलता धुआं। आर्काइव
मुजफ्फरनगर में वायु प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने निरीक्षण के बाद पेपर उत्पादन और लेड इंगट निर्माण से जुड़ी दो फैक्ट्रियों पर कार्रवाई करते हुए एक को बंद कराने और दूसरी को सील करने के आदेश जारी किए हैं।
शक्ति क्राफ्ट एंड टिश्यू फैक्टरी को बंद करने के आदेश
दिल्ली से पहुंची केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने जानसठ रोड स्थित शक्ति क्राफ्ट एंड टिश्यू फैक्टरी का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगाए गए उपकरण ठीक से काम नहीं कर रहे थे। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा पांच के तहत फैक्टरी को बंद करने का आदेश जारी किया गया।
फिरोज मेटल फैक्टरी सील
बेगराजपुर क्षेत्र में संचालित फिरोज मेटल फैक्टरी की जांच में भी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। फैक्टरी में वायु प्रदूषण फैलने की पुष्टि हुई और आवश्यक लाइसेंस भी नहीं पाया गया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्देश पर फैक्टरी को सील कर दिया गया।
आगे भी जारी रहेगी सख्ती
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी डॉ. गीतेश चंद्रा ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि जनपद में प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों के खिलाफ आगे भी लगातार निरीक्षण और सख्त कदम उठाए जाएंगे।