पुलिस लाइन में चुनाव के मददेनजर बैठक लेते डीएम।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। विधानसभा चुनाव के मतदान के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां की। जिले के सभी 2259 बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां नवीन मंडी स्थल से आज रवाना होगी। सभी कर्मचारियों को नवीन मंडी में सुबह आठ बजे बुलाया गया है।
सीडीओ आलोक यादव ने बताया कि सभी छह विधानसभा के मतदान कार्मिकों को नौ फरवरी को सुबह आठ बजे नवीन मंउी स्थल पर बुलाया गया है। सभी पोलिंग पार्टियां यहीं से रवाना होगी। मतदान कार्मिक प्रात: आठ बजे नवीन मंडी स्थल पर पहुंचकर अपनी - अपनी विधान सभा क्षेत्र के पंडाल में उपस्थित होकर ड्यूटी प्राप्त करेंगे। आवंटित विधान सभा क्षेत्र के पंडाल से ड्यूटी लेकर निर्धारित ड्यूटी कार्ड में अंकित वाहन से ड्यूटी स्थल को प्रस्थान करेंगे। लेखन सामग्री स्टेशनरी आदि अन्य समस्त प्रपत्र एवं ईवीएम मशीन अपने - अपने विधान सभावार स्थापित काउंटर से प्राप्त करने के उपरांत ही गंतव्य को प्रस्थान करना सुनिश्चित करेंगे। कर्मचारियों को ड्यूटी में अंकित वाहन संख्या विधान सभावार नवीन मंडी स्थल से ही मिलेगी।
रिजर्व कार्मिक अपना ड्यूटी कार्ड अपनी आवंटित विधान सभा क्षेत्र के पंडाल में उपस्थित होकर अपना कार्ड जमा कराएंगे तथा वहीं पर उपस्थित रहेंगें। समस्त कार्मिकों की सुविधा के लिए अलग-अलग विधान सभावार काउंटर स्थापित कराये गये हैं, इमरजेंसी के लिए एंबुलेंस और चिकित्सकों का पैनल भी नवीन मंडी स्थल पर उपलब्ध रहेगा। मतदान कार्मिकों की सुविधा को लेखन सामग्री ईवीएम प्राप्ति को विधान सभावार फ्लेक्सी पर प्रदर्शित किया गया है। अनुपस्थित कार्मिकों के विरूद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम में अनुशासनात्मक कार्यवाही होगी।
अफसरों ने मंडी में व्यवस्था को देखा
सीडीओ आलोक यादव, एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने नवीन मंडी स्थल पर पहुंचकर व्यवस्था को देखा। यहां पर विधानसभा वार टेंट लगाए गए हैं, इन सबको देखा गया और जो कमियां रही, उन्हें पूरा कराया गया।