जनता कर्फ्यू में मुस्तैद रही पुलिस
मुजफ्फरनगर। कोरोना वायरस के मद्देनजर लागू जनता कर्फ्यू को लेकर जनपद पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। हर चौराहे व मुख्यमार्गों पर पुलिस मौजूद रही, जहां बेवजह सड़क पर घूमने वाले लोगों को समझा-बुझाकर घर लौटाया गया, तो कुछ को फटकार भी लगाई गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई जनता कर्फ्यू की अपील को व्यापक जनसमर्थन मिला, जिससे जिले व शहर में अभूतपूर्व बंद रहा। लोग सुबह से ही घरों से नहीं निकले और तमाम दुकानों व बाजार बंद रहे। जनता कर्फ्यू को लेकर पुलिस भी पूरी तरह से मुस्तैद रही। शहर के सभी प्रमुख चौराहों व मार्गों पर पुलिस तैनात रही। मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने जहां एक ओर बेहद जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को जाने से नहीं रोका, वहीं बेवजह सड़कों पर घूमने वाले लोगों को समझा-बुझाकर घर लौटाया गया। वहीं, जनता कर्फ्यू के दौरान नजारा देखने के लिए निकले युवाओं को फटकार भी लगाई गई।