पुरकाजी। बस में गुड़ व्यापारी के बैग से डेढ़ लाख रुपये चोरी हो जाने की घटना को पुलिस संदिग्ध मान रही है। पुलिस ने सभी यात्रियों को बस से उतार कर तलाशी भी ली थी।
थाना क्षेत्र के गांव सुवाहेड़ी निवासी महताब गुड़ का व्यापार करता है। बृहस्पतिवार को वह मुजफ्फरनगर गुड़ मंडी में आढ़ती से गुड़ का पैसा लेने गया था। आढ़ती से नौ लाख रुपये लेकर वह रुपयों को बैग में रखकर दोपहर करीब तीन बजे मुजफ्फरनगर से रोडवेज की बस में बैठकर वह घर आ रहा था। जब वह पुरकाजी खादर तिराहे पर बस से उतरा तो बैग को कटा देखकर उसने अपने रुपये चेक किए।
उसमें डेढ़ लाख रुपये कम होने पर उसने अपने परिजनों को जानकारी दी। स्वयं बस का पीछा कर बस को गांव भूराहेड़ी में रुकवाकर घटना की सूचना पुलिस को दी। जिस पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बस में बैठे यात्रियों को नीचे उतारकर उनकी तलाशी ली। मगर चोरी हुए रुपयों का कोई सुराग नहीं लगा।
थाना पुलिस का कहना है कि बस में सवार सभी सवारियों की तलाशी ली गई थी। रुपयों का कोई सुराग नहीं लगा। व्यापारी के बार बार रुपयों के बारे में अलग अलग बयान देने से घटना संदिग्ध लग रही है।