जानसठ पुलिस ने मुठभेड़ में हत्यारोपी को पकड़ा।
- फोटो : KHATAULI
जानसठ। गांव अहरोड़ा में पूर्व प्रधान मांगेराम की हत्याकांड के हिस्ट्रीशीटर आरोपी नीशू उर्फ अजीत को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया।
सीओ शकील अहमद ने पत्रकारों को बताया कि जानसठ के गांव अहरोड़ा में 15 जुलाई को गांव निवासी पूर्व प्रधान मांगेराम गुर्जर पुत्र बुध सिंह सुबह सवेरे बाइक से खेतों पर गया था। जहां पर पहले से घात लगाए खेतों में छिपे हमलावरों ने 30 साल पूर्व की रंजिश में उसकी गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के पुत्र युद्धवीर ने रंजिश में गांव निवासी नीशू उर्फ अजीत पुत्र विजयपाल, विजयपाल पुत्र जबर सिंह, अंकुर पुत्र विजयपाल, गोविंद उर्फ गोविंदा पुत्र अजयपाल सहित एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी विजयपाल व गोविंद को पूर्व में ही गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा करते हुए जेल भेज दिया था।
बृहस्पतिवार को पुलिस को सूचना मिली कि नामजद आरोपी नीशू उर्फ अजीत गांव मंतोड़ी के जंगल में मौजूद है। पुलिस को देखकर आरोपी नीशू ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मांगेराम की हत्याकांड में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस बरामद किए। आरोपी नीशू ने हत्याकांड को कबूल करते हुए कहा कि उसने भी मांगेराम को गोलियां मारी थी। नीशू ने बताया कि उनकी मांगेराम से 30 साल से रंजिश चल रही थी। 30 साल पूर्व मांगेराम ने अपने साथी के साथ उसके चाचा कल्लू की हत्या की थी। इसी रंजिश में मांगेराम की हत्या की है।