पुलिस ने तमंचा बनाने की फैक्टरी पकड़ी
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। पुलिस ने जौला व परासौली गांव के लिंक मार्ग पर खाली पड़े जंगल में तमंचा बनाने की फैक्टरी पकड़ी है। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया और दो मस्कट, नौ तमंचे तथा 13 अधबने तमंचों के अलावा तमंचे बनाने का सामान बरामद किया है। एसपी देहात अतुल कुमार श्रीवास्तव ने प्रेसवार्ता में तमंचा फैक्टरी की जानकारी दी।
क्षेत्र के जौला व परासौली गांव के लिंक मार्ग पर मंगलवार को दोपहर के समय पुलिस गश्त कर रही थी। इसी दौरान इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार यादव को जौला के जंगल में तमंचा फैक्टरी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने जंगल में छापा मारा। खाली पड़े जंगल में तिरपाल डालकर तमंचा फैक्टरी का संचालन किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से एक ग्रामीण को गिरफ्तार किया है। घटनास्थल से पुलिस ने दो मस्कट, नौ तमंचे, 13 अधबने तमंचे तथा दर्जनों तमंचों के पुर्जे बरामद किए हैं। पुलिस ने वेल्डिंग मशीन, शिकंजा तथा अन्य सामान बरामद किया। पकड़े गए ग्रामीण से पूछताछ के बाद एसपी देहात अतुल कुमार श्रीवास्तव ने तमंचा फैक्टरी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया ग्रामीण फरमान मंदवाड़ा गांव का रहने वाला है। पहले भी वह तमंचा बनाने के आरोप में जेल जा चुका है। पूछताछ के बाद पुलिस ने तमंचा बनाने के आरोपी फरमान का चालान कर दिया। इस मौके पर सीओ विनय गौतम, इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार यादव आदि मौजूद रहे। एसपी देहात ने कहा कि तमंचा खरीदने वालों को दबिश देकर गिरफ्तार किया जाएगा। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।