चैंपियनशिप में एयर राइफल से निशाना देखतीं पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य सपना कश्यप
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। तोमर शूटिंग एकेडमी के बैनर तले आयोजित अंतरराज्यीय फर्स्ट शूटिंग चैंपियनशिप में एयर राइफल में आइएसएसएफ वर्ग में गाजियाबाद के अश्वनी ढाका, जबकि एयर पिस्टल में आइएसएसएफ वर्ग में करनाल के कार्तिक चैंपियन ऑफ चैंपियन बने।
देवबंद-मंगलौर रोड स्थित तोमर शूटिंग रेंज में 23 दिसंबर से 27 दिसंबर तक चैंपियनशिप आयोजित की गई। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों के शूटरों ने निशाने लगाए। आयोजक आकाश तोमर ने बताया कि एयर राइफल में गाजियाबाद के अश्वनी ढाका चैंपियन ऑफ चैंपियन घोषित किए गए, जबकि द्वितीय स्थान पर रुड़की के आदित्य सिंह और तृतीय स्थान पर सौरभ कुमार रहे। एयर पिस्टल में करनाल के कार्तिक ने प्रथम, बागपत के साहिल और मेरठ के आदित्य शर्मा द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे। एनआर वर्ग के एयर राइफल में हापुड़ निवासी ईशिता ने प्रथम, मेरठ के मोहित ने द्वितीय और पानीपत के सुरेंद्र ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी तरह एनआर वर्ग के एयर पिस्टल में अक्षित प्रथम, पानीपत के हरजीत सिंह द्वितीय तथा महिमा तृतीय स्थान पर रहीं। आकाश ने बताया कि आईएसएसएफ वर्ग के विजेताओं को 11 हजार, द्वितीय को 7100 रुपये व तृतीय स्थान पर रहने वाले शूटर्स को 5100 रुपये के इनाम के साथ ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। एनआर वर्ग में 5100, 3100 और 2100 रुपये के साथ ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पिछड़ा वर्ग आयोग उत्तर प्रदेश की सदस्य सपना कश्यप ने कहा कि प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने से खिलाड़ियों की प्रतिभा में निखार आता है। अध्यक्षता कर रहे क्रीड़ा भारती मेरठ प्रांत के अध्यक्ष विशाल मित्तल ने कहा कि क्रीड़ा भारती का उद्देश्य प्रचलित खेलों के साथ-साथ पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देना है। संचालन मुकेश चौधरी ने किया। इसमें अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज सुधीर तोमर, निखिल पुंडीर, सोनाली पुंडीर, प्रवीण पुंडीर, राजेश अश्वल, विकास नैन, सौरभ कांबोज, मुकुल गुप्ता, हसन मलिक, बिट्टू खान आदि मौजूद रहे।
शूटिंग में चैंपियन ऑफ चैंपियन बने अश्वनी ढ़ाका को ट्राफी देकर सम्मानित करते अतिथि- फोटो : DEVBAND