कांवड़ यात्रा की तैयारियों में जुटा पुलिस-प्रशासन
मुजफ्फरनगर। शासन की ओर से 25 जुलाई से कांवड़ यात्रा के आयोजन की हरी झंडी मिलने के साथ ही पुलिस-प्रशासन यात्रा की तैयारियों में जुट गया है। एडीजी मेरठ राजीव सब्बरवाल ने भी बृहस्पतिवार शाम जिला मुख्यालय पहुंचकर अफसरों के साथ मीटिंग कर कांवड़ यात्रा आयोजन की रूपरेखा तैयार की।
यूपी सरकार द्वारा 25 जुलाई से कांवड़ यात्रा के आयोजन की औपचारिक घोषणा के बावजूद उत्तराखंड सरकार की ओर से हरी झंडी नहीं मिल पाई है। इसके बावजूद जनपद पुलिस-प्रशासन ने कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत, पुलिस फोर्स की जरूरत व उपलब्धता के साथ ही कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा संबंधी तैयारियों की भी समीक्षा की जा रही है। बुधवार रात सीओ मंडी हिमांशु गौरव व इंस्पेक्टर नई मंडी अनिल कपरवान ने बझेड़ी अंडरपास तक हाईवे पर कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर इस मार्ग पर लगने वाली लाइट्स और सीसीटीवी कैमरों की रूपरेखा तैयार की। वहीं, बृहस्पतिवार शाम एडीजी मेरठ जोन राजीव सब्बरवाल जिला मुख्यालय पहुंचे और एसएसपी अभिषेक यादव, एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गी, एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव और एसपी क्राइम दुर्गेश सिंह के साथ ही सभी सीओ व शहर के तीनों थाना प्रभारियों के साथ बैठक की। इस दौरान कांवड़ यात्रा को लेकर की जाने वाली तैयारियों के साथ ही फोर्स की तैनाती को लेकर भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
बझेड़ी अंडरपास से हाईवे तक लगेंगे आठ सीसीटीवी कैमरे
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के आयोजन को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर बझेड़ी अंडरपास से हाईवे तक आठ सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन सबका कंट्रोल रूम नई मंडी थाने में बनाया जाएगा। बुधवार देर रात सीओ मंडी हिमांशु गौरव व इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने इस मार्ग का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरे की जरूरत वाले प्वाइंट्स को चिह्नित किया था। इस सभी प्वाइंट्स पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए सीओ मंडी की ओर से प्रशासन को पत्र लिखा जाएगा।
प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा मार्ग की हालत शहर क्षेत्र में बदहाल है। पिछले वर्ष कांवड़ यात्रा नहीं होने के कारण बझेड़ी अंडरपास से लेकर हाईवे तक का मार्ग पूरी तरह से अंधकारमय है। सीओ मंडी ने बताया कि इस मार्ग पर कहीं भी प्रकाश व्यवस्था नहीं है। इसके चलते कांवड़ यात्रा के दौरान अप्रिय घटना भी घटित हो सकती है। सीओ मंडी की ओर से पत्र जारी कर नगरपालिका प्रशासन को इस मार्ग पर लाइट्स लगवाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।