जानसठ। दो दिवसीय शहीद ललित चौधरी मेमोरियल कुश्ती टूर्नामेंट के समापन पर सीनियर वर्ग में पंकज और जूनियर वर्ग में मोनू को विजेता घोषित किया गया। आयोजकों द्वारा विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को शील्ड एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
गांव राजपुर में दो दिवसीय शहीद ललित चौधरी मेमोरियल कुश्ती टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में गांव दाह के पंकज व खेकड़ा के कपिल पहलवान को पराजित कर सीनियर वर्ग पर कब्जा किया। वहीं जूनियर वर्ग का खिताब राजपुर के मोनू ने दाह के रोहित को चित कर कब्जाया। टूर्नामेंट रेफरी देवेंद्र पहलवान की देखरेख में कराया गया।
कार्यक्रम में विजेता व उपविजेता पहलवानों को रालोद के जिलाध्यक्ष अजीत राठी, जिला पंचायत सदस्य वंदना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष के पति अर्जुन तोमर, संजय राठी, हरेन्द्र शर्मा आदि ने नगद पुरस्कार व शील्ड देकर सम्मानित किया।
रालोद के जिलाध्यक्ष अजित राठी ने कहा कि कुश्ती ग्रामीण क्षेत्र का सबसे लोकप्रिय खेल है इसे बढ़ावा देने के लिए ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के आयोजन होते रहने चाहिए। टूर्नामेंट के आयोजकों में पूर्व ग्राम प्रधान संजीव लंबरदार ने बताया कि टूर्नामेंट में यूपी, राजस्थान, हरियाणा व दिल्ली के पहलवानों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष विपिन मेंहदीयान, तहसील अध्यक्ष अशोक चौधरी, कम्यूनिस्ट नेता वेदप्रकाश वेद, पूर्व प्रधान देवेन्द्र, नरेश, मनोज ठेकेदार, भाकियू नगराध्यक्ष रेशू गोयल, भूपेन्द्र चौधरी, धर्मवीर बालियान, राजेंद्र आदि मौजूद रहे।