मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के भोपा रोड पर रात करीब नौ बजे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में कई लोग घायल हो गए, जबकि एक ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से गुस्साए लोगों ने भोपा रोड पर जाम लगा दिया।
अनुबंधित रोडवेज बस स्वामी रवि ने बताया कि एसडी कॉलेज के सामने खड़ी उनकी बस को भी कार ने साइड से टक्कर मारी, जिससे बस क्षतिग्रस्त हो गई। चालक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह तेजी से आगे बढ़ गया। कार ने एक ई-रिक्शा और एक बाइक को भी अपनी चपेट में लिया। इसके बाद सड़क किनारे खानाबदोश के डेरे में भी टक्कर मारते हुए कार आगे निकल गई। लोगों ने पीछा कर चालक को पकड़ा और पुलिस को सूचना दी। नई मंडी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा ने बताया कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने आरोपी कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए भोपा रोड पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और जाम खुलवाया।