जिपं सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में विपक्ष का हंगामा
मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत अध्यक्ष और बोर्ड के 42 सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ समारोह में बीजेपी के सभी विधायक और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल ने कहा कि वह पूरे बोर्ड को विश्वास में लेकर जिले के विकास को गति देने का काम करेंगे। उधर, शपथ ग्रहण समारोह में विपक्षी सदस्यों ने समारोह में उचित सम्मान नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इसी दौरान अंकित बालियान डायस पर चढ़ गए और नारेबाजी कर विरोध जताया। सत्ता पक्ष ने इसका जवाब भारत माता की जयकारे लगाकर दिया।
सोमवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में डीएम सेल्वा कुमारी जे ने जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसी बीच रालोद के जिला पंचायत सदस्य अंकित बालियान ने सामूहिक शपथ ग्रहण का विरोध किया, कहा कि विपक्ष अलग से शपथ लेगा। अंकित के साथ ही रालोद के निर्वाचित सदस्य इरशाद चौधरी ने भी खड़े होकर शपथ ग्रहण नहीं करने की बात कहते हुए हंगामा करने लगे। विधायक उमेश मलिक के बोलने पर विपक्षी सदस्यों ने हूटिंग शुरू कर दी. जिस पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने भी खड़े होकर विरोध किया। इसी दौरान अंकित बालियान डायस पर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे, जिस पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने भी भारत माता की जयकारे लगाकर कर जवाब दिया। इसके बाद, एक साथ सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह पर ही सहमति बनी। जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल ने बोर्ड के सभी 42 सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि मोदी और योगी का नारा है सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास। हम भी बोर्ड के सभी सदस्यों को विश्वास में लेकर जिले का विकास करेंगे। प्रदेश के राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि किसी भी सदन में केवल विरोध करने से कुछ नहीं होता, अपनी बात रखने से विकास का प्रस्ताव देने से बात बनती है। जिला पंचायत में भाजपा का बहुमत है, लेकिन सभी को साथ लेकर चला जाएगा। विधायक उमेश मलिक ने कहा कि हमारी जिला पंचायत विकास के मामले में प्रदेश में पहले नंबर पर आएगी। हम सबको को इसी योजना के आधार पर काम करना है। उन्होंने दावा किया कि यहां जिला पंचायत के चुनाव में एक भी पैसे का लेनदेन नहीं हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, विधायक विक्रम सैनी ने भी विचार रखे। शपथ ग्रहण समारोह में पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य जगदीश पांचाल, सपना कश्यप, अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सुखदर्शन बेदी, पूर्व सांसद सोहनवीर सिंह, पूर्व विधायक सुशीला अग्रवाल, अशोक कंसल, सुषमा पुंडीर, विजय सैनी, अचिंत मित्तल, वैभव त्यागी आदि जिला पंचायत सदस्य मौजूद रहे।
विधायकों को बैठक में बात रखने का है अधिकार
राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने सभी को सदर की गरिमा और अनुशासन का पाठ पढ़ाते हुए शांत किया। उमेश मलिक ने कहा कि प्रत्येक विधायक इस बोर्ड का पदेन सदस्य होता है, जिसे बात रखने का अधिकार है।