खतौली। गांव गदनपुरा के ग्रामीणों ने तहसील में प्रदर्शन करते हुए गांव में स्थित बरातघर की जगह में ग्राम पंचायत कार्यालय बनाए जाने का विरोध किया। उन्होंने एसडीएम को दिए ज्ञापन में जनहित में यह कार्यालय बनाए जाने से रोकने की मांग की है।
गदनपुरा के ग्रामीण सुशील, सतीश, संदीप, नंदकिशोर, वीरपाल, सुबे, शिवकुमार, बिरजू, तेजपाल, सोहनवीर, गुडडू, अशोक, लीलू, राजू, कृष्णा आदि अन्य ग्रामीणों के साथ तहसील खतौली पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी को एक ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बरातघर बना है, जिसमें ग्रामीण बच्चों के शादी समारोह व अन्य कार्यक्रम का आयोजन करते हैं। उनका आरोप है कि वर्तमान प्रधान उक्त बारात घर पर ग्राम समाज कार्यालय के रूप में प्रयोग करना चाहते हैं, जिससे समाज के सभी बिरादरी के लोगों को एतराज है। कार्यक्रम करने के लिए अन्य स्थान नहीं है जबकि ग्राम में कार्यालय बनाने के लिए अन्य जगह का इस्तेमाल किया जा सकता है। ग्रामीणों ने जनहित में बरात घर में ग्राम पंचायत कार्यालय रोके जाने की मांग की है।