डल्लू देवता मंदिर में पूजा अर्चना करते श्रद्वालु।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
नाग पंचमी पर नाग देवता का किया अभिषेक
मुजफ्फरनगर। नागपंचमी का पर्व श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाया गया। लोगों ने देव स्थानों पर जाकर दूध से देवताओं का अभिषेक किया। शहर के प्रसिद्ध डल्लू देवता मंदिर में पूरे दिन पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
शुक्रवार को नाग पंचमी पर्व पर लोगों ने शिव मूर्ति के अलावा मंदिरों में जाकर नाग देवता की पूजा कर अभिषेक किया। मुख्य आयोजन शहर से सटे प्रसिद्ध सिद्धपीठ डल्लू देवता पर हुआ। यहां सुबह डल्लू देवता का दूध से अभिषेक किया गया। इसके बाद पूजन और दर्शन हुए। यहां पर अधिकांश लोगों के देव स्थान स्थापित है। इसलिए यहां पूरे दिन श्रद्धालु अपने देवताओं और नाग देवता की पूजा अर्चना और अभिषेक के लिए आते रहे। लोगों ने यहां देवताओं की पूजा कर अपने परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की।
मंदिर के मुख्य पुरोहित अमृतदास महाराज ने बताया कि कोरोना संक्रमण काल के चलते नाग पंचमी का पर्व सादगी के साथ मनाया गया। इस बार भी यज्ञ, हवन और भंडारे का आयोजन नहीं हुआ।
नहीं लगा डल्लू देवता पर मेला
मुजफ्फरनगर। डल्लू देवता लोगों की आस्था और विश्वास का प्रतीक है। होली, दीपावली, नाग पंचमी के अलावा प्रत्येक रविवार को यहां मेला लगता है। मगर शुक्रवार को नाग पंचमी पर मेला नहीं लगा। इस बार होली पर्व पर लगे मेला में गुब्बारे भरने वाली हाईड्रोजन गैस का सिलिंडर फटने से दो लोगों की मौत हो गई थी तथा पांच लोग घायल हो गए थे। इसी कारण प्रशासन ने यहां पर मेला लगाने की इजाजत नहीं दी थी।