खतौली। राशन डीलरों को अब सरकारी राशन ब्लॉक स्थित गोदामों के बजाय बामनहेड़ी स्थित एफसीआई के गोदामों से भेजा जाएगा। इसके लिए राशन डीलरों को पहले ही अपनी दुकान मुख्य मार्गों पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए थे।
कस्बे के सभी राशन डीलरों को अब तक ब्लॉक स्थित गोदामों से ठेकेदार द्वारा सरकारी राशन उठवाया जाता था। राशन सामग्री की आपूर्ति के लिए ठेकेदार के ही वाहनों का इस्तेमाल किया जाता था। शासन द्वारा इस व्यवस्था में परिवर्तन कर दिया गया है। अब राशन के गेहूं, चावल व अन्य सामान ब्लॉक गोदामों के बजाये सीधे बामनहेड़ी स्थित एफसीआई के गोदाम से भेजा जाएगा। इसके लिए पहले ही आपूर्ति विभाग द्वारा सभी राशन डीलरों को दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं, कि वे अपनी दुकानें मुख्य मार्गों पर स्थानांतरित कर लें, ताकि एफसीआई से सीधे भेजी जाने वाली राशन सामग्री से लदे बड़े वाहन बेरोकटोक राशन की दुकानों तक पहुंच सके। ऐसे राशन डीलर, जिनकी दुकानें संकरी गलियों व घनी आबादी में हैं, वे इसे लेकर परेशान हैं कि अब बड़ी गाड़ियों से आने वाला माल किस प्रकार उनकी दुकान तक पहुंचेगा। राशन डीलरों का कहना है कि एफसीआई के गोदाम पर आने-जाने व बड़े वाहन से माल लाने का सीधा खर्च उनकी जेब पर पड़ेगा।