फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना जांच के लिए रोके गए श्रद्धालुओं का यूपी बॉर्डर पर जमावड़ा

विज्ञापन
पुरकाजी पीएचसी पर कोरोना जांच के लिए लगी यात्रियों की भीड़। - फोटो : MUZAFFARNAGAR
विज्ञापन
कोरोना जांच के लिए रोके गए श्रद्धालुओं का यूपी बॉर्डर पर जमावड़ा
विज्ञापन

पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। हरिद्वार में चल रहे कुंभ मेले में शामिल होने के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं का यूपी बॉर्डर पर जमावड़ा लगा हुआ है। कोरोना जांच के बिना उत्तराखंड में प्रवेश नहीं मिलने के कारण रैपिड एंटीजन टेस्ट कराने के इंतजार में दूरदराज के प्रदेशों से आए सैकड़ों श्रद्धालु बच्चों सहित सड़क पर रात गुजारने के लिए विवश हैं।
तीर्थनगरी हरिद्वार में चल रहे कुंभ का शाही स्नान सोमवार को है। श्रद्धालुओं को कोरोना जांच कराने के लिए यूपी बॉर्डर पर ही रोका जा रहा है। अपने घर से चार-पांच दिन पहले जांच कराकर निकले श्रद्धालुओं से 72 घंटे पुरानी कोरोना निगेटिव रिपोर्ट मांगी जा रही है। नतीजतन बड़ी संख्या में श्रद्धालु जांच कराने के बाद सड़कों पर खुले आसमान के नीचे भूखे-प्यासे रहकर रिपोर्ट मिलने का इंतजार कर रहे हैं। इनमें मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखंड के साथ ही दिल्ली व यूपी के पूर्वी शहरों से आए श्रद्धालु शामिल हैं।
विज्ञापन

पता होता तो नहीं आते
पुरकाजी। मध्यप्रदेश से कुंभ में शामिल होने के लिए आए श्रद्धालु केदारनाथ, नत्थूराम, अजय शर्मा, सुशीला बाई, सरजू बाई, रामूदाय, महेंद्र, सुजीत कुमार, भिखारी ठाकुर, नरेश, माया प्रजापति, राम बाई, माधव सिंह, बटकेश शर्मा, बुद्धन सिंह, रतन पांडे, सरोज गुप्ता और महादेव पांडे का कहना था कि वे तो कुंभ में शामिल होने आए थे। घर से चलने से पूर्व कोरोना जांच कराई थी, जिसकी रिपोर्ट को उत्तराखंड पुलिस मानने से इंकार कर रही है। यदि पता होता कि कुंभ जाने के लिए इतनी दिक्कत होगी तो आते ही नहीं।
विज्ञापन

भीड़ बढ़ने पर सैकड़ों श्रद्धालुओं को बिना जांच भेजा
पुरकाजी। यूपी बॉर्डर पर रोके गए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते अव्यवस्था उत्पन्न हो गई। वहीं, रैपिड एंटीजन टेस्ट कराने के लिए बड़ी संख्या में देशभर से पहुंचे श्रद्धालु जांच के लिए पीएचसी पुरकाजी पहुंच रहे हैं। जल्द जांच कराने के लिए भक्तों ने पीएचसी पर हंगामा भी किया। सूचना मिलने पर सीओ सदर हेमंत कुमार फोर्स के साथ पीएचसी पहुंचे और श्रद्धालुओं को समझा-बुझाकर शांत किया। बाद में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को उत्तराखंड के अफसरों से बात कर बिना जांच के ही बॉर्डर पार कराया गया। पीएचसी प्रभारी डॉ अरुण कुमार ने बताया कि कुंभ मेले के शाही स्नान के चलते रविवार को अवकाश के बावजूद पूरे स्टाफ को पीएचसी पर रोका गया। जिला मुख्यालय से करीब डेढ़ हजार रैपिड एंटीजन टेस्ट किट मंगाए गए थे, जिनमें से दोपहर तक करीब तीन सौ जांच की जा चुकीं हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें