मुजफ्फरनगर। आचार संहिता उल्लंघन के मामले में अदालत में हाजिर नहीं होने पर पूर्व मंत्री दीपक कुमार, पूर्व मंत्री उमा किरण, उद्यमी जाकिर राना समेत सात आरोपियों के गैर जमानती वारंट जारी कर दिए गए। पूर्व विधायक शाहनवाज राना पुलिस सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश हुए। अगली सुनवाई के लिए 20 दिसंबर नियत की गई है।
वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में सलमान जैदी, पायल माहेश्वरी, पूर्व विधायक शाहनवाज राना, पूर्व मंत्री दीपक कुमार, पूर्व मंत्री उमा किरण, निर्दलीय जाकिर राना, शिव सेना के मनोज सैनी और हिंदू महासभा की साक्षी वर्मा के खिलाफ सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
तत्कालीन उप निरीक्षक बाबू लाल ने आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था। आरोप था 24 जनवरी 2017 को नामांकन दाखिल करने के लिए विभिन्न दलों के प्रत्याशी 100-125 समर्थकों की भीड़ के साथ पार्टी के झंडे लगाकर नारेबाजी करते कचहरी पहुंचे थे। उस समय जिले में धारा 144 लगी थी। पुलिस ने जुलूस और भीड़ की वीडियोग्राफी के बाद प्रत्याशियों के खिलाफ धारा 144 एवं आचार संहिता का उल्लंघन करने का मुकदमा कायम कराया था। प्रकरण की सुनवाई विशेष एमपी एमएलए कोर्ट में चल रही है। जिला कारागार से पुलिस सुरक्षा के बीच पूर्व विधायक शाहनवाज राना कोर्ट में पेश हुए। अदालत ने अन्य आरोपियों के गैर जमानती वारंट जारी कर दिए हैं।