मुजफ्फरनगर में चल रही अग्निवीर भर्ती में बिजनौर का अभिषेक फिजिकल में फेल हो गया था। उसकी ई-मेल आईडी पर मेल भेजकर पास कराने का झांसा दिया गया। मेरठ में बुलाकर एक लाख रुपये लिए गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
सेना की अग्निवीर भर्ती में सेंधमारी की कोशिश की गई। शारीरिक दक्षता परीक्षा में असफल हुए बिजनौर के अभिषेक को पास कराने के नाम पर ठग ने जाल में फंसा लिया। एक लाख रुपये ठगकर फर्जी मेडिकल स्लिप थमा दी। अभ्यर्थी मेडिकल के लिए पहुंचा तो वापस लौटा दिया गया। पीड़ित ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन
बिजनौर के थाना नूरपुर के गांव पनियाला निवासी अभिषेक 23 अगस्त को अग्निवीर भर्ती में शामिल हुआ था। चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में शारीरिक दक्षता परीक्षा में वह असफल होकर घर लौट गया। 24 अगस्त को उसकी ई-मेल आईडी पर संदीप नाम की आईडी से एक ई-मेल आई। जिसमें एक मोबाइल नंबर लिखते हुए उसे कॉल करने के लिए मैसेज लिखा था।
अभ्यर्थी ने कॉल की तो दूसरी तरफ से खुद को संदीप बताते हुए अग्निवीर भर्ती में पास कराने का दावा किया गया। इसके बाद मुलाकात कर पीड़ित को झांसे में लेकर उससे एक लाख रुपये नगद ले लिए। उसे फर्जी मेडिकल पास दे दिया। पीडि़त ने सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
इस तरफ फंसाया गया बिजनौर का अभ्यर्थी
आरोपी ने कहा कि वह अग्निवीर बनवा सकता है। इसके लिए मेरठ आकर मुलाकात करनी होगी। तीन लाख रुपये में बातचीत हुई। युवक अपने भाई को लेकर आरोपी से मिलने मेरठ पहुंचा। जहां उससे कागजात ले लिए और उससे एडवांस रुपये देने के लिए कहा गया।
पीड़ित ने रुपये का इंतजाम करने के लिए 30 अगस्त तक का समय मांगा। पीड़ित का कहना है कि दादी के खाते से 50 हजार रुपये, सर्व यूपी बैंक में पिताजी के खाते से 50 हजार निकाले। 30 अगस्त को कंपनी बाग के गेट के पास आरोपी को एक लाख रुपये एडवांस दे दिए। बाकी रुपये काम होने के बाद देना तय हुआ। एडवांस रुपये देते समय आरोपी ने एक मेडिकल टोकन स्लिप देते हुए कह कि 31 अगस्त को सुबह चार बजे भर्ती स्थल पर पहु्ंच जाना, मेडिकल हो जाएगा। वह पहुंचा तो फिंगर प्रिंट मैच नहीं हुए, जिस कारण उसे लौटा दिया गया।
कैसे पहुंची अभ्यर्थी की ई-मेल आईडी
बिजनौर निवासी युवक के साथ ठगी हुई है। उसकी ई-मेल आईडी पर एक मेल भेजकर ठग ने संपर्क किया। ऐसे में सवाल है कि ठग के पास युवक की आईडी मेल कैसे पहुंची। युवक के असफल होने का ठग को कैसे पता चला। पुलिस ने यह भी जांच शुरू की है।
21 अगस्त से चल रही है भर्ती
जिले में भर्ती की प्रक्रिया 21 अगस्त से चल रही है और आठ सितंबर तक चलेगी। भर्ती में जनपद अमरोहा, बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, रामपुर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, मेरठ व मुरादाबाद के युवा शामिल हो रहे हैं।