वुशू के जिला सचिव को जान से मारने की धमकी
मुजफ्फरनगर। वुशू (मार्शल आर्ट) के पूर्व कोच व वर्तमान जिला सचिव को बागपत जनपद के बड़ौत में हुई प्रतियोगिता के दौरान एक खिलाड़ी ने जान से मारने की धमकी दे डाली। मामले में आरोपी खिलाड़ी को जिला कमेटी ने निष्कासित कर दिया है।
बुढ़ाना निवासी अमीर आलम सैफी वुशू के पूर्व कोच व वर्तमान में वुशू की जिला कमेटी के सचिव हैं। वहीं, शाहपुर के एक गांव निवासी एक युवक वुशू टीम में शामिल होने के साथ ही कमेटी से भी जुड़ा हुआ है। अमीर आलम सैफी ने बताया कि 11 से 14 फरवरी तक बागपत जनपद के बड़ौत में वुशू की राज्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में 12 फरवरी को अमीर आलम सैफी सहायक हेड जज की भूमिका निभा रहे थे। आरोप है कि खेल के दौरान ही गांव उमरपुर निवासी खिलाड़ी ने सार्वजनिक रूप से अमीर आलम के साथ बदसलूकी करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी तक दे डाली।
इस मामले में रविवार को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में वुशू जिला कमेटी की बैठक हुई, जिसमें सभी पदाधिकारियों ने आरोपी खिलाड़ी को टीम के साथ ही समिति से भी निष्कासित कर दिया। इस बाबत आरोपी खिलाड़ी को भी सूचना अग्रेषित कर दी गई है।