निरगाजनी गंगनहर में रील बना रहा किशोर गंगनहर के गहरे पानी में डूब गया। उसका साथी किसी तरह पानी से बाहर निकल आया। पीएसी व गोताखोरों की टीम ने नहर में किशोर की तलाश शुरू कर दी।
पुरकाजी से एक बरात थाना छपार क्षेत्र के बसेड़ा निवासी याकूब पठान के घर पर आई थी। पुरकाजी निवासी अलबख्श उर्फ बादशाह (15) और उसका साथी शाहवेज निवासी देवबंद भी बरात में शामिल थे। सोमवार दोपहर दोनों किशोर लगभग आधा दर्जन साथियों के साथ भोपा थाना क्षेत्र के निरगाजनी गंगनहर झाल पर पहुंच गए। जैसे ही रील बनाने के दौरान अलबख्श और शाहवेज गंगनहर के गहरे पानी में उतरे तो फंस गए।
शाहवेज किसी प्रकार गंगनहर से बाहर निकल आया, लेकिन अलबख्श गहरे पानी में समा गया। यह देखकर साथ आए युवकों ने शोर मचा दिया। सूचना पर ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकार रवि शंकर मिश्रा ने बताया कि पीएसी की टीम मौके पर पहुंच गई है, जो किशोर की तलाश कर रही है। अलबख्श उर्फ बादशाह के पिता जान आलम के अलावा मां खुशनसीब, भाई अरशुल, बहन हुजेफा, उज्मा, वाइफा, दानिया परेशान हैं। उधर, हादसे से शादी का कार्यक्रम भी फीका पड़ गया।
पुलिस टीम तैनात करने की मांग
ग्रामीणों ने कहा कि बच्चे नहीं मानते, जिसके चलते हादसे हो रहे हैं। इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गंगनहर पर पुलिस को तैनात किया जाना चाहिए।