टोल फ्री कराकर धरना देते भाकियू कार्यकर्ता
- फोटो : Amar Ujala
सहारनपुर में भाकियू कार्यकर्ताओं ने 15 मिनट तक रखा टोल फ्री
छुटमलपुर में भाकियू कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर बुधवार की सुबह करीब 15 मिनट तक चमारी खेड़ा टोल फ्री रखा। यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी युद्धवीर सिंह को दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए जाने के बाद सुबह 9 बजे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जिला प्रवक्ता चौधरी रघुवीर सिंह और युवा विंग के जिला अध्यक्ष नदीम अंसारी के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए चमारीखेड़ा टोल पहुंचे। जहां उन्होंने टोल की सभी लेन फ्री करते हुए दरी बिछा कर धरना देना शुरू कर दिया।
इसी दौरान चौधरी युद्धवीर सिंह के रिहा होने के बाद केंद्रीय नेतृत्व ने आंदोलन वापस लेने की घोषणा कर दी। इसके बाद कार्यकर्ता वापस लौट आए। इस दौरान तहसील उपाध्यक्ष सचिन चौधरी, चौधरी पदम सिंह, जिला मंत्री केहर सिंह, अनूप सिंह प्रधान, नईम मालिक, मोनू मलिक, चौधरी रामवीर, राजेश कांबोज, बुरहान अहमद आदि शामिल रहे।
शामली में प्रदर्शन करते भाकियू कार्यकर्ता
- फोटो : Amar Ujala
शामली में भाकियू कार्यकर्ताओं ने 15 मिनट तक रखा टोल फ्री
शामली जनपद के झिंझाना में भाकियू कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर बुधवार की सुबह करीब 15 मिनट तक मेरठ-करनाल हाईवे स्थित गांव पटनी-परतापुर में टोल को फ्री रखा। यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी युद्धवीर सिंह को दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए जाने के बाद सुबह 10 बजे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष कालेंद्र मलिक के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए टोल पहुंचे। जहां उन्होंने टोल की सभी लेन फ्री करते हुए दरी बिछा कर धरना देना शुरू कर दिया। इसी दौरान चौधरी युद्धवीर सिंह के रिहा होने के बाद केंद्रीय नेतृत्व ने आंदोलन वापस लेने की घोषणा कर दी। इसके बाद कार्यकर्ता वापस लौट आए। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस भी तैनात रही
बिजनौर में टोल पर धरना देते कार्यकर्ता
- फोटो : Amar Ujala
बिजनौर में संगठन के आह्वान पर जनपद में जिला मुख्यालय, नगीना हाईवे टोल प्लाजा समेत कई शहरों के थानों किसान नेताओं व किसानों ने प्रदर्शन कर धरना दिया। नेताओं की रिहाई होने पर किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
राष्ट्रीय संगठन के आह्वान पर अपने नेताओं की रिहाई की मांग को लेकर किसान व किसान नेता सड़कों पर उतर गए। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष चौधरी सत्यवीर सिंह सोनू के नेतृत्व अनेक किसान नगीना टोल प्लाजा पर साढ़े नौ बजे पहुंचे। वहां उन्होंने नेताओं की रिहाई को लेकर प्रदर्शन कर धरना दे दिया। जिला मुख्याल, अफजलगढ, चांदपुर, नगीना आदि शहरों के थानों के बाहर प्रदर्शन किसान नेताओं ने धरना दिया।
धरने पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिलाध्यक्ष चौधरी सत्यवीर सिंह सोनू ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी युद्धवीर सिंह व अन्य किसानों पर कोई मुकदमा नहीं है। फिर पुलिस उन्हें रोकर नजर बंद क्यों कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आवाज को उठाने वाले लोगों को दबाना चाह रही है। यहीं कारण है कि बिना किसी कारण पुलिस ने उन्हें एयरपोर्ट से पकड़ लिया। करीब ढेर घंटे बाद नेताओं की रिहाई होने पर किसानों का आंदोलन समाप्त हो गया। भाकियू जिलाध्यक्ष चौधरी सत्यवीर सिंह सोनू ने कहा कि संगठन किसानों के हकों की लड़ाई लड़ते हुए आया है और लड़ता रहेगा। किसानों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इन जगह पर दिए गए धरने
जिलाध्यक्ष सत्यवीर सिंह के अनुसार बिजनौर कोतवाली, नजीबाबाद ब्लॉक नांगल थाना, किरतपुर ब्लॉक किरतपुर थान, हल्दौर थाने पर, चांदपुर थाना, नूरपुर थाना, स्योहारा थाना, धामपुर, अफजलगढ़, नहटौर थानों तथा कोतवाली टोल प्लाजा पुरैनी पर धरना दिया।