मुजफ्फरनगर जनपद में जमीन की नीलामी का एलान होने के बाद मंसूरपुर थाना क्षेत्र के लच्छेड़ा गांव के किसान वेद कश्यप (65) की सदमे से मौत हो गई। किसान ने एक व्यक्ति की जमानत ली थी, जो अदालत में हाजिर नहीं हो रहा था। अदालत के आदेश के बाद तहसील की टीम ने 50 हजार रुपये की रिकवरी के लिए नोटिस जारी किया।
वहीं गुरुवार को तहसील में नीलामी होनी थी। हालांकि कोई बोलीदाता नहीं पहुंचा, लेकिन खेत में गए किसान की सदमे से मौत हो गई। एसडीएम सदर परमानंद झा, सीओ खतौली राकेश कुमार गांव में मौके पर पहुंचे। रालोद के पूर्व जिलाध्यक्ष अजीत राठी ने आरोपी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। देर रात तक परिजनों ने शव नहीं उठाने दिया। गांव में गम का माहौल बना हुआ है।
विज्ञापन
वहीं देर रात पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक मौके पर पहुंचे। एसडीएम सदर और सीओ खतौली से बातचीत की। पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का भरोसा दिया, जिसके बाद परिजन मान गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।