शिव चौक पर सजी दुकान से पिचकारी की खरीददारी करते बच्चें।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
बाजारों पर चढ़ा होली का रंग, खूब बिक रहीं पिचकारियां
मुजफ्फरनगर। बाजार इस समय होली के पर्व से सराबोर है। बच्चों के लिए रंगबिरंगी पिचकारी दुकानों पर सज चुकी हैं। गुलाल और रंग की अलग ही डिमांड है। लोग केमिकल वाले रंग से बच रहे हैं। मिठाई की दुकानों पर गुजिया और चाट की दुकानों पर एडवांस बुकिंग हो रही है। अब अधिकांश लोग बनी बनाई चाट ही बाजार से ले रहे हैं।
बाजार अब होली के पर्व में पूरी तरह रंगा नजर आ रहा है। पिचकारी, गुलाल और रंग की दुकानें सज चुकी हैं। कोरोना वायरस के चलते चीन के सामान से लोग सीधे परहेज कर रहे हैं। दुकानदारों से पूछ रहे हैं कि इनमें कुछ चीन का बना सामान तो नहीं है। बच्चों को लुभाने के लिए कंपनियों ने अलग-अलग डिजाइन की पिचकारी निकाली हैं। बच्चों में पिचकारी खरीदने को एक अलग ही उत्साह है। अच्छी बात यह है कि इस बार बाजार में प्रत्येक व्यक्ति की पहुंच की पिचकारी है। दुकानदार किशनलाल ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी होली सामान्य तरीके से मनाई जा रही है। बाजार में मिठाई की दुकानों पर भीड़ अलग ही देखी जा सकती है। मुख्य रूप से जहां गुंजिया की खरीदारी हो रही है। वहीं गिफ्ट पैक की परंपरा भी जोर पकड़ रही है। लोग अपने मिलने वालों को होली का गिफ्ट दे रहे हैं, जिसके लिए बड़े स्तर पर खरीदारी हो रही है। गली-मोहल्लों से लेकर शहर की मशहूर दुकानों पर मिठाई की खरीद को लेकर उत्साह अलग ही देखा जा रहा है। शहर में चाट की मशहूर दुकानों पर भी भीड़ की स्थिति है। बनी बनाई चाट का माहौल बनना शुरू हो चुका है। लोग पहले से ही चाट की दुकानों पर बुकिंग करा देते हैं और होली के दिन रेडीमेड चाट लेकर अपने घर पर उसे तैयार करते हैं। यह ट्रेंड शहर में काफी चल पड़ा है। हालांकि कुछ लोग अपने घर पर ही तैयार करने में मेहनत करते हैं। कुल मिलाकर शहर में होली के पर्व की धूम दिखाई दे रही है।