चरथावल। भाकियू के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत ने कहा कि पांच सितंबर को होने वाली महापंचायत में जिले के कार्यकर्ता बाहर से आने मेहमानों के आदर सत्कार में रहेंगे। ब्लॉक चरथावल सहित हर ब्लॉक से चयनित किए गए वॉलिंटयर अराजक तत्वों की निगरानी करेंगे। हर ग्राम अध्यक्ष आगंतुक किसानों के लिए भोजन की व्यवस्था करेंगे।
सोमवार को कुटेसरा में आयोजित भाकियू की पंचायत में गौरव टिकैत ने कहा कि पांच सितंबर की महापंचायत पर दुनिया की निगाहें लगी है। किसानों से हर गांव से अधिकाधिक तादात में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर पहुंचने की अपील की है। वॉलिंटियर प्राथमिक उपचार के लिए मेडिकल टीम मोबाइल दस्ते के साथ मौजूद रहेगी। निवर्तमान जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान ने कहा कि जनपद के कार्यकर्ता मेजबानी की भूमिका में रहेंगे और माइक मंच से दूर रहेंगे। दूसरे जनपदों से आने वाले वाले किसानों के सेवाभाव में जुटेंगे।
चरथावल विकास खंड से 500 वॉलिटियर हिस्सा लेंगे। वह भोजन की व्यवस्था संभालेंगे। अध्यक्षता महाबलीपुर के पूर्व प्रधान राजेंद्र चौधरी ने और संचालन पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष ठाकुर कुशलवीर सिंह व पूर्व प्रधान चौधारी संजीव ने किया। दानिश त्यागी पावटी, लोकमणि त्यागी, अमित त्यागी, आदेश कुमार, नवीन त्यागी, सुनील कुमार, बबलू त्यागी, अरुण शर्मा मौजूद रहे।