जयंत ने कहा कि प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगना चाहिए। उन्होंने किसानों से एकजुट रहने का आह्वान किया। भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि सरकार किसानों के आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रही है, मगर ऐसा नहीं होगा। किसान पूरी शक्ति के साथ आंदोलन में डटे रहेंगे, जब तक मांग पूरी नहीं होगी। आंदोलन जारी रहेगा।
जयंत चौधरी ने यहां बालियान प्रो कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ भी किया उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को नौकरी और बाद में पेंशन मिलनी चाहिए। अपने चुनावी एजेंडे में वे खिलाड़ियों और युवाओं को विशेष स्थान देंगे। इस दौरान खाप चौधरियों ने जयंत चौधरी को पगड़ी पहनाकर उनका अभिनंदन किया। आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर ने भी सिसौली पहुंचकर बाबा टिकैत को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
वहीं मेरठ के सिवाया टोल प्लाजा पर धरना दे रहे भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने आज हवन-पूजन के साथ बाबा महेंद्र सिंह टिकैत का जन्मदिन मनाया। किसान यहां नए कृषि कानून के विरोध में धरने पर बैठे हुए हैं।