फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुजफ्फरनगर: आंखों के ऑपरेशन के बाद बुजुर्ग महिला की मौत, एंटीबायोटिक का इंजेक्शन लगाने से हो गई एलर्जी

Thu, 24 Sep 2026 04:57 PM IST
Mohd Mustakim अमर उजाला नेटवर्क, शामली

सार

गांव हैबतपुर निवासी बाला देवी की आंखों से पानी निकल रहा था, इसलिए उनका ऑपरेशन किया गया। परिजनों का आरोप है कि महिला को कंपाउंडर ने गलत इंजेक्शन लगाया, जिससे उनकी मौत हो गई। सीएमओ ने मामले पर जांच बैठा दी है। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सर्कुलर रोड स्थित कुशवाहा आई हॉस्पिटल में आंख के ऑपरेशन के बाद बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। परिजनों ने कंपाउंडर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सीएमओ से शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच को पहुंची। जबकि परिजनों ने मृतका के शव का पोस्टमॉर्टम कराए जाने से इन्कार करते हुए अंतिम संस्कार कर दिया।
विज्ञापन

 

चरथावल थाना क्षेत्र के गांव हैबतपुर निवासी बाला देवी (67) की आंखों से काफी दिनों से पानी निकल रहा था। पति सीताराम सैनी ने बताया कि उपचार के लिए सर्कुलर रोड स्थित कुशवाहा आई हॉस्पिटल में दिखाया गया था। परामर्श के बाद चिकित्सक डॉ. विनोद कुशवाहा से ऑपरेशन कराने के लिए बाला देवी को बुधवार को हॉस्पिटल लाया गया था।
 

आरोप है कि ऑपरेशन के बाद कंपाउंडर ने गलत इंजेक्शन लगा दिया, जिसके बाद बाला देवी की हालत बिगड़ने लगी। परिजन समीप स्थित डॉ. राकेश अहलावत के नर्सिंग होम ले गए। हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर मेरठ ले जाते समय महिला की मौत हो गई।
 

उपचार में लापरवाही की शिकायत पर सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देश पर बुधवार रात डिप्टी सीएमओ डॉ. महक सिंह के निर्देशन में एक टीम कुशवाहा आई हॉस्पिटल भेजी गई। डॉ. महक सिंह ने बताया कि लिखित में शिकायत ले ली गई है। शव का पोस्टमॉर्टम तो नहीं कराया गया है। सीएमओ के निर्देश पर जांच शुरू की जा रही है। मृतका के पति सीताराम का आरोप है कि कंपाउंडर ने मना करने के बावजूद गलत इंजेक्शन लगाया।
 
विज्ञापन

मरीज को हुआ एनाफिलेक्सिस का रिएक्शन
घटना की जानकारी पर आईएमए से जुड़े चिकित्सक डॉ. कुशवाहा के हॉस्पिटल पहुंचे। आईएमए के जिला कोषाध्यक्ष डॉ. ईश्वर चन्द्रा ने बताया कि इन्फेक्शन रोकने के लिए ऑपरेशन के बाद सभी मरीजों को एंटीबायोटिक्स का इंजेक्शन दिया जाता है। बाला देवी को भी दिया गया था। जिससे उन्हें एनाफिलेक्सिस का रिएक्शन हो गया। बताया कि एनाफिलेक्सिस एक बहुत ही गंभीर और अचानक होने वाली जानलेवा एलर्जी प्रतिक्रिया है। एंटीबायोटिक्स का इंजेक्शन लगने पर इसकी आशंका रहती है। आईएमए से डॉ. अनुभव जैन, डॉ. सिद्धार्थ, डॉ. नितिन गुप्ता, डॉ. शहरयार शामिल रहे।

ये भी देखें...
यूपी: कैराना से हापुड़ जा रही गाड़ी मेरठ में रोकी, जान से मारने की धमकी देकर 12 लाख का मीट लूटा; छह पर रिपोर्ट
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें